पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच बने शेन डिट्ज

 




लाहौर, 17 नवंबर (हि.स.)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शेन डिट्ज को अपनी महिला क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। डिट्ज वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी द्विपक्षीय सीरीज से पहले अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

51 वर्षीय डिट्ज को कोचिंग का अच्छा अनुभव है। वह हाल ही में वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच थे। उनके मार्गदर्शन में वेस्टइंडीज की टीम ने 2024 और 2026 के लगातार दो आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

डिट्ज बांग्लादेश और नीदरलैंड की महिला राष्ट्रीय टीमों के साथ भी काम कर चुके हैं। अपने कोचिंग करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने 2008 से 2013 तक न्यूजीलैंड के क्रिकेट वेलिंगटन में हाई परफॉर्मेंस कोच की जिम्मेदारी संभाली थी।

नियुक्ति पर खुशी जताते हुए डिट्ज ने कहा, “पाकिस्तान महिला टीम का मुख्य कोच बनना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। पाकिस्तान क्रिकेट का शानदार इतिहास रहा है। मुझे आज भी याद है कि बचपन में ऑस्ट्रेलिया में रहते हुए 1992 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान का समर्थन किया था। वह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी।”

डिट्ज ने पाकिस्तान क्रिकेट को लेकर अपने लक्ष्य भी साझा किए। उन्होंने कहा, “2028 में हम टी20 विश्व कप की मेजबानी करेंगे और हमारा लक्ष्य घरेलू मैदान पर अपने समर्थकों को जश्न मनाने का मौका देना है। विश्व कप में प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन करने के लिए हमें काफी काम करना होगा। विश्वस्तरीय प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ, सभी को खुद को बेहतर बनाना होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं पहले भी तीन बार पाकिस्तान का दौरा कर चुका हूं। वहां क्रिकेट के प्रति लोगों का प्यार और जुनून संक्रामक है। मैं पाकिस्तान पहुंचकर टीम के साथ काम करने और उसकी हरी जर्सी पहनने के लिए उत्सुक हूं।”

पाकिस्तान की महिला टीम फिलहाल आईसीसी महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 में हिस्सा ले रही है। टीम ग्रुप बी की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे