डीडीसीए ने क्लबों और खिलाड़ियों को बांटी 1.43 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि, महिला क्रिकेट को भी मिला बढ़ावा

 


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने अरुण जेटली स्टेडियम में 2025-26 सत्र के लिए वार्षिक पुरस्कार वितरित किये। समारोह में पूरे सत्र के दौरान डीडीसीए की विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले क्लबों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली, सचिव अशोक शर्मा, उपाध्यक्ष शिखा कुमार, कोषाध्यक्ष हरीश सिंगला और संयुक्त सचिव अमित ग्रोवर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

डीडीसीए ने 2025-26 सत्र के लिए सभी श्रेणियों में पुरस्कार राशि में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की। इसके तहत कुल 1 करोड़ 43 लाख 20 हजार 500 रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई।

महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डीडीसीए ने महिला टी-20 लीग में हिस्सा लेने वाले सभी क्लबों के लिए पुरस्कार राशि शुरू की। महिला टी-20 लीग के प्रत्येक 10 समूह में विजेता टीम को 2 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 1.75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। डीडीसीए ने इसे महिला क्रिकेट में अधिक भागीदारी और प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम पहल बताया।

डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा, “डीडीसीए जमीनी स्तर से लेकर उच्चतम स्तर की प्रतियोगिताओं तक दिल्ली क्रिकेट को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों और टीमों के प्रदर्शन को पहचानना और उन्हें पुरस्कृत करना इस प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे खिलाड़ियों और टीमों को बेहतर प्रदर्शन करने तथा नई ऊंचाइयों को हासिल करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही, हम महिला क्रिकेट के लिए मजबूत अवसर और रास्ते तैयार करने पर भी ध्यान दे रहे हैं, ताकि सभी वर्गों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक समर्थन और अवसर मिल सकें।”

सचिव अशोक शर्मा ने कहा, “दिल्ली क्रिकेट की नींव जमीनी स्तर पर तैयार होती है और हमारी जिम्मेदारी है कि युवा क्रिकेटरों को शुरुआत से ही सही प्रोत्साहन मिले। ये पुरस्कार और सम्मान केवल खिलाड़ियों की उपलब्धियों की पहचान नहीं हैं, बल्कि उन्हें आगे भी कड़ी मेहनत करने और उच्च स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हैं। विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताओं को मजबूत करने और प्रदर्शन को सम्मान देने से हम दिल्ली के क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद कर रहे हैं।”

डीडीसीए की उपाध्यक्ष शिखा कुमार ने महिला टी-20 लीग में सभी क्लबों के लिए पुरस्कार राशि शुरू किए जाने को महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा, “महिला क्रिकेट को वह पहचान और प्रोत्साहन देना जरूरी है जिसकी वह हकदार है। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक महिला क्रिकेटरों को अपने लिए एक स्पष्ट रास्ता दिखाई दे और उन्हें महसूस हो कि उनके प्रदर्शन और योगदान को महत्व दिया जाता है। सभी 10 समूहों के लिए वित्तीय सहयोग बढ़ाने से भागीदारी और प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहन मिलेगा तथा दिल्ली में महिला क्रिकेट के निरंतर विकास के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे