पिंडली की चोट के कारण डेन वान निकर्क न्यूज़ीलैंड दौरे से बाहर, एनेके बॉश टीम में शामिल
नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका की हरफनमौला खिलाड़ी डेन वान निकर्क पिंडली (काफ) की चोट के कारण न्यूज़ीलैंड दौरे से बाहर हो गई हैं। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 32 वर्षीय खिलाड़ी दाएं पैर की पिंडली में चोट से जूझ रही हैं।
दक्षिण अफ्रीका और न्यूज़ीलैंड के बीच पहले महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पहले ही उन्हें असहजता महसूस हुई थी, जिसके चलते वह उस मैच में नहीं खेल पाईं। अब वह शेष टी-20 मुकाबलों के साथ-साथ आगामी तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में भी हिस्सा नहीं लेंगी। उनकी जगह दक्षिण अफ्रीका टीम में एनेके बॉश को शामिल किया गया है।
वान नीकर्क ने दिसंबर में चार साल के अंतराल के बाद टी-20 टीम में वापसी की थी और आयरलैंड व पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबलों में खेली थीं। हालांकि वह पाकिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में हिस्सा नहीं ले पाई थीं, लेकिन न्यूज़ीलैंड दौरे पर इस प्रारूप में खेलने की उम्मीद थी।
एनेके बॉश नवंबर 2024 के बाद अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल सकती हैं। वह उस दक्षिण अफ्रीकी टीम का हिस्सा थीं, जिसे 2025 महिला एकदिवसीय विश्व कप के फाइनल में भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
दक्षिण अफ्रीका और न्यूज़ीलैंड के बीच दूसरा टी-20 मुकाबला मंगलवार (17 मार्च) को खेला जाएगा, जिसके बाद तीन और टी-20 मुकाबले और फिर तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला आयोजित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे