दिल्ली के सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच बने विजय दहिया, केपी भास्कर चयन समिति के प्रमुख

 


नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज विजय दहिया को 2026-27 घरेलू सत्र के लिए दिल्ली सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम का मुख्य कोच फिर नियुक्त किया गया है। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने शुक्रवार को पुरुष और महिला टीमों के कोच तथा चयन समितियों की घोषणा की।

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बचपन के कोच और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता राजकुमार शर्मा को पुरुष टीम का स्टेट मेंटर बनाया गया है। महिला टीमों के लिए सुनीता शर्मा को स्टेट मेंटर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डीडीसीए के अनुसार पुरुष और महिला टीमों की चयन समितियों तथा कोचों के चयन का फैसला क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) की सिफारिशों के बाद किया गया।

विजय दहिया इससे पहले आईपीएल-2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस के सहायक कोच रह चुके हैं। उन्होंने दिल्ली को 2007-08 रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने वाली टीम के मुख्य कोच के रूप में काम किया था। वह 2012-13, 2014-15 और 2015-16 सत्र में भी दिल्ली टीम के साथ इसी भूमिका में रहे थे। भारत के लिए दो टेस्ट और 10 वनडे खेलने वाले दहिया अब पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर और चयनकर्ता सरनदीप सिंह की जगह लेंगे। सरनदीप पिछले दो सत्र में दिल्ली के मुख्य कोच थे और अब सीएसी का हिस्सा हैं।

दहिया के साथ क्षितिज शर्मा और कुलदीप रावत सहायक कोच होंगे, जबकि संजीव शर्मा और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज परविंदर अवाना गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। दिल्ली की रणजी ट्रॉफी 2026-27 में शुरुआत 11 अक्टूबर को कल्याणी में बंगाल के खिलाफ मुकाबले से होगी।

पूर्व दिल्ली क्रिकेटर केपी भास्कर को सीनियर पुरुष चयन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। तीन सदस्यीय समिति में मनु नायर और प्रवीण गुप्ता शामिल होंगे। पूर्व भारतीय खिलाड़ी रीमा मल्होत्रा को सीनियर महिला चयन समिति की प्रमुख नियुक्त किया गया है। उनके साथ स्वर्ण छाबड़ा और रानी ओझा समिति में होंगी।

उम्र वर्ग की टीमों में पूर्व दिल्ली बल्लेबाज रॉबिन बिष्ट को पुरुष अंडर-23 टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। उनके साथ मोहन चतुर्वेदी और राजिंदर सिंह चावला सहायक कोच होंगे। राजीव नैय्यर पुरुष अंडर-19 टीम के कोच होंगे, जबकि राजू शर्मा और अभिषेक मंकोटिया को क्रमशः पुरुष अंडर-16 और अंडर-14 टीमों का मुख्य कोच बनाया गया है।

महिला टीमों में पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लतिका कुमारी को महिला अंडर-23 टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। दीप्ति ध्यानी सीनियर महिला टीम की मुख्य कोच के पद पर बनी रहेंगी। वहीं, सोननेट क्लब के कोच देवेंद्र शर्मा महिला अंडर-19 चयनकर्ता की भूमिका में बने रहेंगे।

डीडीसीए ने हाई परफॉर्मेंस ग्रुप का भी गठन किया है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज गुरशरण सिंह को पुरुष कार्यक्रम का और बंटू सिंह को महिला कार्यक्रम का मुख्य बल्लेबाजी कोच बनाया गया है। तिलक राज शर्मा और वी. अरविंद हाई परफॉर्मेंस विभाग में गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे