दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी के लिए केएल राहुल हो सकते हैं पहली पसंद : आकाश चोपड़ा
नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)।दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 के रिटेंशन की समयसीमा से पहले ऋषभ पंत को ट्रेड के जरिए टीम में वापस शामिल कर लिया है। सौरव गांगुली, युवराज सिंह, अमित मिश्रा और चामिंडा वास जैसे दिग्गजों से सजे नए कोचिंग स्टाफ के बीच अब टीम की कप्तानी और बल्लेबाजी क्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और जियोस्टार विशेषज्ञ आकाश चोपड़ा का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी के प्रबल दावेदार हो सकते हैं।
जियोस्टार के कार्यक्रम 'गेम प्लान' में आकाश चोपड़ा और अभिनव मुकुंद ने पंत की वापसी के बाद दिल्ली कैपिटल्स के संभावित बल्लेबाजी संयोजन, अब तक हुए दो ट्रेड और टीम के कप्तानी विकल्पों पर चर्चा की।
आकाश चोपड़ा ने दिल्ली की कप्तानी को लेकर कहा, “वास्तव में यहां कई सवाल हैं। यह बहुविकल्पीय प्रश्न जैसा है कि कप्तान कौन होगा? ऋषभ पंत कप्तानी के दावेदार रहे हैं, केएल राहुल भी एक विकल्प हैं और मैं सुन रहा हूं कि अक्षर कप्तान नहीं बनना चाहते। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए यह भी स्पष्ट नहीं है कि टीम की कप्तानी कौन करेगा। फिलहाल केएल राहुल कप्तान हो सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “अब जब आपने ऋषभ पंत को ट्रेड के जरिए टीम में शामिल किया है, तो उन्हें शीर्ष चार में बल्लेबाजी करनी चाहिए। यदि आप उन्हें इससे नीचे बल्लेबाजी कराते हैं, तो उनकी क्षमता का पूरा इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। मुझे लगा कि उस ट्रेड में लखनऊ सुपर जायंट्स को ज्यादा फायदा हुआ, क्योंकि उस पिच के लिए कुलदीप जैसे स्तर के गेंदबाज के बदले आप इससे ज्यादा की उम्मीद नहीं कर सकते थे।”
चोपड़ा ने दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी पर चिंता जताते हुए कहा कि टीम के सामने तेज गेंदबाजी का सही संयोजन तैयार करने की चुनौती होगी। उन्होंने खास तौर पर मिचेल स्टार्क की उपलब्धता पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, “आशुतोष, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स और अक्षर पटेल के अलावा आपके पास डेविड मिलर भी हैं। इसलिए बल्लेबाजी का संयोजन काफी अच्छा है। उनके लिए समस्या का क्षेत्र गेंदबाजी विभाग होगा। मिचेल स्टार्क खेलेंगे या नहीं, यह एक बड़ा सवाल होगा। उनकी उपलब्धता को लेकर चर्चा करनी पड़ेगी। इस सत्र में उन्हें अपनी तेज गेंदबाजी और उसे मजबूत करने की योजना को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वे इसे कैसे संभालेंगे, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है।”
चोपड़ा ने खिलाड़ियों पर खर्च की गई रकम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “मुकेश कुमार आठ करोड़ रुपये में हैं, आकिब नबी 8.4 करोड़ रुपये में हैं और मिचेल स्टार्क की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये है। यह काफी बड़ी रकम है। लुंगी एनगिडी को दो करोड़ रुपये में सस्ते में लिया गया था और वह शानदार सौदा साबित हुए। दुश्मंथा चमीरा और काइल जैमीसन भी ज्यादा महंगे नहीं थे। लेकिन महंगे खिलाड़ी शायद उपलब्ध न हों। उनकी क्षमता और मौजूदा फॉर्म को लेकर भी अनिश्चितता है। मुकेश कुमार के टी20 आंकड़ों में भी थोड़ी गिरावट आई है।”
पंत और राहुल से पारी की शुरुआत कराने के पक्ष में मुकुंद
अभिनव मुकुंद ने पंत की वापसी के बाद दिल्ली कैपिटल्स को शीर्ष क्रम के बल्लेबाजी संयोजन पर दोबारा विचार करने की सलाह दी। उन्होंने पंत को शीर्ष तीन में खिलाने और केएल राहुल के साथ पारी की शुरुआत कराने का सुझाव दिया।
मुकुंद ने कहा, “मैं चाहूंगा कि ऋषभ शीर्ष तीन में बल्लेबाजी करें। यदि दिल्ली कैपिटल्स इस क्षेत्र में बदलाव करना चाहती है, तो पंत और राहुल से पारी की शुरुआत क्यों नहीं कराई जाए? इस टीम के साथ मैं सबसे पहले यही करना चाहूंगा, क्योंकि मुझे मध्यक्रम के बल्लेबाजों को लेकर थोड़ी परेशानी महसूस हुई। टीम में शीर्ष क्रम के इतने सारे विकल्प हैं।”
उन्होंने कहा, “पृथ्वी शॉ, नितीश राणा, अभिषेक पोरेल, पथुम निसांका, करुण नायर और साहिल परख जैसे खिलाड़ी हैं, जो शीर्ष तीन में बल्लेबाजी करते हैं। ऐसे में आप ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज को भी शीर्ष क्रम में खिलाना चाहेंगे, क्योंकि अब आपने उन्हें टीम में शामिल किया है। पिछले दो वर्षों में चौथे और पांचवें नंबर पर उन्हें बहुत ज्यादा सफलता नहीं मिली है। हालांकि, दिल्ली में यह स्थिति बदल सकती है, क्योंकि अपने शुरुआती वर्षों में वह दिल्ली के लिए मध्यक्रम में काफी सफल रहे थे।”
मुकुंद ने आगे कहा, “यदि आप उन्हें चौथे नंबर पर खिलाना चाहते हैं, तो उन्हें वहीं रखें। इससे आपके पास बाकी कई विकल्पों का इस्तेमाल करने का मौका होगा। इसके अलावा टीम में नया सहयोगी स्टाफ भी है, जिसमें दादा, युवी पा और अन्य लोग शामिल हैं। इसलिए उनकी रणनीति क्या होगी, यह कहना मुश्किल है। हमें इंतजार करना होगा कि वे किस तरह की टीम तैयार करते हैं।”
अभिनव मुकुंद ने टी. नटराजन को सनराइजर्स हैदराबाद के साथ ट्रेड कर जीशान अंसारी को टीम में शामिल करने के दिल्ली कैपिटल्स के फैसले पर भी हैरानी जताई।
उन्होंने कहा, “मैं काफी हैरान था कि उन्होंने नटराजन को रिलीज किया या यूं कहें कि जीशान अंसारी के बदले ट्रेड कर दिया। उनके पास पहले से ही विप्रज निगम हैं, जो काफी हद तक वैसे ही खिलाड़ी हैं। वह लेग स्पिनर हैं और बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। अक्षर पटेल, विप्रज और अब कितने स्पिनरों को आप टीम में खिलाएंगे? मुझे लगा कि इस ट्रेड से सनराइजर्स हैदराबाद को दिल्ली कैपिटल्स की तुलना में ज्यादा फायदा हुआ है। मुझे यह ट्रेड भी समझ नहीं आया।”
आईपीएल 2027 के खिलाड़ियों के रिटेंशन की घोषणा 17 नवंबर को होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे