बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे पर बोल्ट ने जताई चिंता, ईगल्स ने बुल्स को 25 रनों से हराया

 




अबूधाबी, 11 नवंबर (हि.स.)। एमिरेट्स ईगल्स ने मंगलवार को अबूधाबी टी10 लीग में डिफेंडिंग चैंपियन यूएई बुल्स को 25 रन से हरा दिया। मैच में ट्रेंट बोल्ट ने दो ओवर में 10 रन देकर एक विकेट लिया। मैच के बाद न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज बोल्ट ने कहा कि सफेद गेंद के क्रिकेट में गेंदबाजों के लिए चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं और बल्लेबाजों का दबदबा पहले से कहीं अधिक हो गया है।

बोल्ट ने कहा कि अब नई गेंद ज्यादा देर तक स्विंग नहीं होती और दुनिया भर में बड़े स्कोर देखने को मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा, “गेंद शायद अब उतनी स्विंग नहीं होती, जितनी पहले हुआ करती थी और आप दुनिया भर में बड़े स्कोर देख रहे हैं। खेल बदल रहा है, नियमों में कुछ बदलाव हुए हैं और मैच देर रात तक खेले जा रहे हैं। आपने एकदिवसीय क्रिकेट में 400 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल होते देखा है। क्या हमने 10 साल पहले सोचा था कि ऐसा होगा? नहीं। मुझे नहीं पता कि खेल अब किस दिशा में जाएगा।”

अपने करियर में स्विंग गेंदबाजी की भूमिका पर बोल्ट ने कहा, “मुझे स्विंग गेंदबाजी से प्यार हो गया था। युवा खिलाड़ी उन गेंदबाजों को अपना आदर्श मानते हैं, जो गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं। इसलिए जब भी मुझे ऐसा करने का मौका मिलता है, मैं उसे दोनों हाथों से पकड़ने और अपने कौशल को दिखाने की कोशिश करता हूं। उम्मीद है कि मुझे आगे भी ऐसा करने के कुछ और मौके मिलेंगे।”

उन्होंने कहा कि अब गेंद बहुत कम समय तक स्विंग होती है और लगातार क्रिकेट खेलने के कारण गेंदबाजों को प्रभावी बने रहने के लिए नए तरीके खोजने पड़ते हैं। बोल्ट के मुताबिक, “गेंद केवल उतने समय तक स्विंग होती है, जो बहुत कम लगता है। जब आप इतनी ज्यादा क्रिकेट खेलते हैं, तो आपको प्रभावी बने रहने और बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए नए तरीके खोजने पड़ते हैं। हर बार योजना के मुताबिक चीजें नहीं होतीं लेकिन मुझे अंतिम ओवरों में कुछ अलग तरह की गेंदें डालना और बल्लेबाज से एक कदम आगे रहने की कोशिश करना पसंद है।”

बोल्ट ने कहा कि टी10 जैसे प्रारूप में गेंदबाजों को अपनी सफलता पर ज्यादा जश्न मनाने का मौका नहीं मिलता। उन्होंने कहा, “मैं ज्यादा जश्न मनाने की कोशिश नहीं करता क्योंकि मुझे पता है कि एक या दो छक्के लगते ही सबकुछ गलत हो सकता है। लेकिन यह 60 गेंदों का खेल है। यहां एक-दो डॉट गेंदें भी बहुत बड़ी भूमिका निभाती हैं। अगर हम अंतिम दो या तीन ओवरों तक बल्लेबाजों को जितना संभव हो रोक पाते हैं तो इससे हमें अच्छी स्थिति में पहुंचने में मदद मिलती है।”

उन्होंने कहा, “मेरे लिए इस खेल का आनंद लेने का तरीका चेहरे पर मुस्कान के साथ खेलना है। मैं भाग्यशाली हूं कि मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक यहां दर्शकों के बीच मौजूद था और उसने भी मेरे साथ इस पल का जश्न मनाया।”

फ्रेंचाइजी क्रिकेट को समझने के सवाल पर बोल्ट ने कहा, “बिल्कुल नहीं। मेरे कुछ दिन अच्छे रहे हैं और कुछ दिन ऐसे भी रहे हैं, जब चीजें योजना के मुताबिक नहीं हुईं। मैं इनमें से कई खिलाड़ियों के साथ काफी क्रिकेट खेलता हूं। इसलिए दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में उनके खिलाफ खेलने और मुकाबला करने का अपना अलग मजा है।”

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ नई गेंद के गेंदबाज के सवाल पर उन्होंने न्यूजीलैंड के मैट हेनरी का नाम लिया। बोल्ट ने कहा, “मैं अब भी मैट हेनरी का समर्थन करूंगा क्योंकि उनमें किसी भी तरह की पिच पर गेंद को स्विंग कराने की क्षमता है।”

शेफर्ड बोले, अगला मैच ही हमारी प्राथमिकता

दूसरी ओर, हार के बाद यूएई बुल्स के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने कहा कि टीम में कई आक्रामक बल्लेबाज होने के कारण निचले क्रम में खेलने वाले खिलाड़ियों को कम गेंदें मिलती हैं। उन्होंने कहा, “यह मुश्किल स्थिति है। हर कोई एक-दूसरे का समर्थन कर रहा है और उम्मीद करता है कि खिलाड़ी मैदान पर जाकर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। जाहिर है, आप ज्यादा गेंदें खेलना चाहते हैं लेकिन यह टी10 है इसलिए आपको जितनी भी गेंदें मिलें, उनका पूरा फायदा उठाना होता है।”

बुल्स की टीम पिछले सत्र में खिताबी जीत के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टिम डेविड के बिना खेल रही है। शेफर्ड ने कहा, “टिम जैसे खिलाड़ी की जगह कोई नहीं ले सकता इसलिए हमें उनकी कमी खल रही है। लेकिन 137 रन बड़ा स्कोर था। हमने पहले ओवर में 20 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की लेकिन उसके बाद हम वह लय बरकरार नहीं रख सके।”

लगातार दो हार के बावजूद शेफर्ड ने कहा कि व्यस्त कार्यक्रम के कारण पिछली गलतियों पर ज्यादा सोचने का समय नहीं मिलता। उन्होंने कहा, “आपके पास पीछे मुड़कर देखने, निराश होने और पिछले प्रदर्शन पर विचार करने का समय नहीं है क्योंकि मैच बहुत तेजी से आ रहे हैं। आप जीतें या हारें, सबकुछ अगले मैच पर निर्भर करता है। हमें आज रात के मुकाबले के बजाय कल टीम के सामने होने वाली चुनौती के बारे में सोचना होगा।”

इस साल वेस्टइंडीज के केंद्रीय अनुबंध में जगह नहीं मिलने के बावजूद शेफर्ड ने राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने की अपनी इच्छा जाहिर की।

उन्होंने कहा, “अनुबंध में नाम नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि मेरा चयन नहीं हो सकता। अभी भी मैच खेलने के आधार पर भुगतान की व्यवस्था है। मैं वेस्टइंडीज के लिए खेलने को लेकर उत्साहित हूं लेकिन अगर लीग क्रिकेट के अवसर मिलते हैं तो मैं उन्हें भी स्वीकार करूंगा।”

बुल्स का अगला मुकाबला बुधवार को रॉयल डेजर्ट चैंपियंस से होगा, जबकि ईगल्स की टीम शुक्रवार को यूनाइटेड टाइगर्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे