माया बाउचियर के शतक से इंग्लैंड ने रचा इतिहास, आयरलैंड के खिलाफ छह विकेट से दर्ज की जीत
लीसेस्टर, 02 सितंबर (हि.स.)।
सलामी बल्लेबाज माया बाउचियर के शानदार शतक की बदौलत इंग्लैंड ने आयरलैंड के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज पूरा किया। इंग्लैंड ने स्थानीय समयानुसार मंगलवार को 282 रन के लक्ष्य को महज 38.1 ओवर में चार विकेट खोकर 283 रन बनाकर हासिल कर लिया और छह विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।
आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट पर 281 रन बनाए थे। जवाब में बाउचियर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 95 गेंदों पर 104 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके शामिल रहे।
बाउचियर ने सोफिया डंकली के साथ दूसरे विकेट के लिए 118 गेंदों में 143 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। डंकली ने 61 गेंदों पर 73 रन बनाए। दोनों ने इंग्लैंड को शुरुआत से ही मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
डंकली ने 40 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि बाउचियर ने 53 गेंदों में पचास रन पूरे किए। दोनों की तेज बल्लेबाजी से इंग्लैंड ने 10 ओवर में बिना विकेट खोए 72 रन बना लिए थे।
आयरलैंड की कारा मरे ने 20वें ओवर में डंकली को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद उन्होंने अगले ओवर में जोडी ग्रेकॉक को भी पवेलियन भेजा। हालांकि, बाउचियर और एलिस कैप्सी ने 50 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड की जीत की राह आसान कर दी।
बाउचियर ने 31वें ओवर में 91 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया, लेकिन अगले ही ओवर में मरे ने उन्हें आउट कर दिया। इसके बाद फ्रेया केम्प ने 22 गेंदों पर 36 रन की तेज पारी खेलकर आयरलैंड की उम्मीदें पूरी तरह खत्म कर दीं। कैप्सी ने नाबाद 41 रन बनाए और चौका लगाकर इंग्लैंड को रिकॉर्ड लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
आयरलैंड की मजबूत शुरुआत
इससे पहले आयरलैंड ने गैबी लुईस और एमी हंटर की शानदार बल्लेबाजी के दम पर मजबूत स्कोर खड़ा किया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 152 गेंदों में 136 रन की साझेदारी की। लुईस ने 69 और हंटर ने 62 रन बनाए।
30वें ओवर के बाद आयरलैंड ने 7.1 ओवर के भीतर तीन विकेट गंवा दिए थे और उसका स्कोर 250 रन के आसपास पहुंचने पर भी संशय था। लेकिन लिया पॉल और रेबेका स्टोकल ने 71 गेंदों में 84 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। स्टोकल 54 रन बनाकर नाबाद रहीं।
आयरलैंड ने अंतिम 10 ओवर में 77 रन जोड़कर इंग्लैंड के सामने 282 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा, लेकिन बाउचियर की तूफानी पारी के सामने यह स्कोर भी छोटा साबित हुआ।
संक्षिप्त स्कोर:
आयरलैंड: 281/5 (50 ओवर) — गैबी लुईस 69, एमी हंटर 62, रेबेका स्टोकल नाबाद 54; चार्ली डीन 2/44, इस्सी वोंग 2/57।
इंग्लैंड: 283/4 (38.1 ओवर) — माया बाउचियर 104, सोफिया डंकली 73, एलिस कैप्सी नाबाद 41; कारा मरे 3/58।
परिणाम: इंग्लैंड छह विकेट से विजयी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे