ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी-20 में बांग्लादेश को 7 रन से हराया, रेनशॉ ने बनाए नाबाद 89 रन
ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज से अपने नाम की
चटगांव, 19 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश को सात रन से हराकर श्रृंखला अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने ढाका में एकदिवसीय श्रृंखला में मिली हार का हिसाब बराबर किया और साथ ही वर्ष 2021 के बाद पहली बार बांग्लादेश की धरती पर टी-20 श्रृंखला जीतने में सफलता हासिल की।
ऑस्ट्रेलिया की जीत के नायक मैट रेनशॉ रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 89 रन बनाए। उन्होंने टिम डेविड (45 रन, 26 गेंद) के साथ चौथे विकेट के लिए केवल 50 गेंदों में 97 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शुरुआती झटकों के बाद दोनों बल्लेबाजों ने पारी को संभालते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवा दिए। हालांकि रेनशॉ और डेविड की आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख बदल दिया। अंतिम ओवरों में रेनशॉ और जोएल डेविस ने तेज रन जोड़कर टीम को 20 ओवर में 197/5 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
बांग्लादेश की ओर से नासुम अहमद सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 27 रन देकर दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश को तंजीद हसन ने तेज शुरुआत दिलाई। टीम ने पावरप्ले में 72 रन बना लिए थे और मुकाबले में मजबूत स्थिति में दिख रही थी। तंजीद ने तेज बल्लेबाजी की लेकिन उनके आउट होने के बाद बांग्लादेश की लय प्रभावित हुई।
इसके बाद सैफ हसन (42 रन) और परवेज हुसैन इमोन ने पारी को संभालने की कोशिश की और तीसरे विकेट के लिए उपयोगी साझेदारी की, लेकिन लगातार अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई।
अंतिम ओवरों में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। नाथन एलिस, एरन हार्डी और एडम जैम्पा ने सटीक गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश को बड़े शॉट लगाने से रोका।
बांग्लादेश की टीम निर्धारित 20 ओवर में 189/6 रन ही बना सकी और सात रन से मुकाबला हार गई।
संक्षिप्त स्कोर:
ऑस्ट्रेलिया – 197/5 (मैट रेनशॉ 89*, टिम डेविड 45)
बांग्लादेश – 189/6 (सैफ हसन 42)
परिणाम: ऑस्ट्रेलिया 7 रन से विजयी, श्रृंखला अपने नाम।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे