प्रज्ञानानंद ने जीता ग्रैंड शतरंज टूर सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज 2026 का खिताब

 


सेंट लुइस, 07 अगस्त (हि.स.)।

भारत के ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रैंड शतरंज टूर (जीसीटी) सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज 2026 का खिताब एक दौर शेष रहते अपने नाम कर लिया। 20 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने गुरुवार को अंतिम से पहले दौर में उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ ड्रॉ खेलकर खिताब पर कब्जा जमाया।

प्रज्ञानानंद ने पूरे पांच दिवसीय टूर्नामेंट के दौरान बढ़त बनाए रखा। सिंदारोव ने अंत तक उन्हें कड़ी टक्कर दी, लेकिन आखिर में वह 1.5 अंकों से पीछे रह गए।

खिताब जीतने के बाद प्रज्ञानानंद ने कहा, जब आप स्कोर देखते हैं तो सब कुछ आसान और सहज लगता है, लेकिन वास्तव में ऐसा बिल्कुल नहीं था। यह टूर्नामेंट बेहद कठिन और रोमांचक रहा। मैं जावोखिर को श्रेय देना चाहूंगा, उन्होंने आखिरी तक शानदार संघर्ष किया।

इस खिताबी जीत के साथ प्रज्ञानानंद को 50 हजार अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि और 13 जीसीटी अंक मिले। इसके साथ ही वह 2026 ग्रैंड शतरंज टूर सीजन अंकतालिका में अमेरिका के फैबियानो कारुआना के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

वहीं, उपविजेता रहे सिंदारोव ने कहा, मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, लेकिन प्रैग ने वास्तव में बहुत अच्छा खेल दिखाया। कई बार सिर्फ अच्छा खेलना ही काफी नहीं होता, आपको किस्मत का साथ भी चाहिए होता है।

अब ग्रैंड शतरंज टूर का समापन सिंकफील्ड कप के साथ होगा, जिसकी शुरुआत 10 अगस्त से होगी। इस प्रतिष्ठित क्लासिकल टूर्नामेंट में प्रज्ञानानंद सहित सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज में हिस्सा लेने वाले अधिकांश शीर्ष खिलाड़ी भाग लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे