भारत में 100 ग्रैंडमास्टर बनने और शतरंज की बढ़ती लोकप्रियता से दिव्या, विदित उत्साहित
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। अर्जुन पुरस्कार विजेता और शतरंज ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख तथा विदित गुजराती भारत में शतरंज की हालिया प्रगति से काफी उत्साहित हैं। खासतौर पर इस महीने की शुरुआत में देश के 100 ग्रैंडमास्टर बनने की उपलब्धि को उन्होंने भारतीय शतरंज के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अनुज श्रीवास्त्री ने 8 नवंबर 2026 को फिलीपींस में आयोजित सातवीं आसियान प्लस व्यक्तिगत ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतकर भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बनने का गौरव हासिल किया। मध्य प्रदेश के 22 वर्षीय अनुज राज्य के पहले ग्रैंडमास्टर भी बने।
दिव्या ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) मीडिया से बातचीत में कहा, मुझे लगता है कि यह सराहनीय उपलब्धि है कि हमने अपना 100वां ग्रैंडमास्टर बना लिया है और यहां तक कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस बारे में ट्वीट किया। यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि शतरंज को इतनी पहचान और लोकप्रियता मिल रही है तथा लोग इसे पहले से कहीं अधिक खेलने लगे हैं। इसलिए मैं बहुत खुश हूं कि हमने 100 का आंकड़ा पार कर लिया है। लेकिन मुझे लगता है कि हमारे अंदर आगे कई सौ और हजार ग्रैंडमास्टर बनाने की क्षमता है। कई बच्चे शतरंज में आगे आ रहे हैं और उन्हें यह खेल पसंद है। व्यक्तिगत रूप से यह देखकर मुझे बहुत अच्छा लगता है।
भारत के 100 शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने का सफर विश्वनाथन आनंद से शुरू हुआ था। आनंद 1988 में देश के पहले ग्रैंडमास्टर बने थे। वह आगे चलकर पांच बार विश्व चैंपियन बने। उनके बाद 1991 में दिव्येंदु बरुआ और 1997 में प्रवीण थिप्से ग्रैंडमास्टर बने।
पिछले कुछ दशकों में देश में शतरंज के तेजी से हुए विकास पर विदित ने कहा, मुझे लगता है कि पिछले कुछ वर्षों से शतरंज लगातार आगे बढ़ रहा है। इसका अहसास हमें तब हुआ, जब हमने 2024 फिडे ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीता। 100 वर्षों में यह पहली बार था, जब हम ऐसा करने में सफल रहे। इसके अलावा मौजूदा विश्व चैंपियन भी भारतीय हैं और वह गुकेश हैं।
उन्होंने कहा, भारत में शतरंज का विकास हो रहा है और इस खेल की वजह से दुनिया भर में भारत को बहुत सम्मान मिल रहा है। हमने जिस तरह से यह खेल खेला है, उससे हमारी पहचान मजबूत हुई है। हम दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक हैं। अगर हम किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेते हैं तो भारत को खिताब का प्रबल दावेदार माना जाता है। यह दिखाता है कि एक देश के रूप में हम कितने मजबूत हैं।
19 वर्ष की उम्र में 28 जुलाई को ग्रैंडमास्टर बनने वाली दिव्या और 2013 में 18 वर्ष की उम्र में ग्रैंडमास्टर बने विदित को 13 नवंबर को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया था। अब दोनों भारतीय शतरंज की निरंतर प्रगति को लेकर आशान्वित हैं। खासतौर पर भारत की ओर से 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दावेदारी के बीच उन्हें उम्मीद है कि देश में खेलों को और बढ़ावा मिलेगा।
विदित गुजराती ने साई मीडिया से कहा, यह शानदार है कि हम 100 ग्रैंडमास्टर तक पहुंच गए हैं। मुझे लगता है कि 100 से 200 तक का सफर इससे भी तेज होगा। अगर 2036 में भारत में ओलंपिक खेल होते हैं तो इससे देश में खेलों के प्रति जागरूकता काफी बढ़ेगी। हमारे पास बहुत प्रतिभा है और इससे बहुत से लोग खेलों को अधिक गंभीरता से लेना शुरू करेंगे।
उन्होंने आगे कहा, मेरी व्यक्तिगत इच्छा है कि शतरंज को ओलंपिक में शामिल किया जाना चाहिए। अब तक ऐसा नहीं हुआ है। हमने दिखाया है कि जब शतरंज एशियाई खेलों का हिस्सा था, तब हमने पदक जीते थे। इसलिए अगर हमें ओलंपिक में यह अवसर मिलता है, तो हम वहां भी यही प्रदर्शन दोहराएंगे।
दिव्या देशमुख ने कहा, मैं बहुत खुश हूं और मुझे लगता है कि आने वाले कुछ वर्षों में भारत में शतरंज का काफी तेजी से विकास होने वाला है। अब हमें यह भरोसा भी है कि हम ओलंपिक खेलों की मेजबानी कर सकते हैं। मुझे यह बात बहुत अच्छी लगती है कि शतरंज से लोग जुड़ रहे हैं और वे मुझे तथा मेरे करियर को प्रेरणा और प्रोत्साहन के रूप में देख रहे हैं। यह महसूस करना बहुत अच्छा है कि मैं उस खेल को लोकप्रिय बनाने में मदद कर रही हूं, जिससे मैं बहुत प्यार करती हूं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे