विशाखापत्तनम में 22-23 अगस्त को होगी ब्रिक्स युवा और खेल मंत्रियों की बैठक
नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 22 और 23 अगस्त को क्रमशः ब्रिक्स युवा और खेल मंत्रियों की बैठक होगी। इसमें ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों के युवा एवं खेल मंत्री तथा प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख शामिल होंगे। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया इन बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी बैठक में हिस्सा लेंगी।
युवा विकास और सशक्तीकरण पर होगी चर्चा
ब्रिक्स युवा मंत्रियों की 22 अगस्त को होने वाली बैठक में युवा विकास और सशक्तीकरण के लिए सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता, कल्याण और सतत विकास जैसे मुद्दे बैठक के प्रमुख एजेंडे में रहेंगे। बैठक में ब्रिक्स युवा परिषद और ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन से प्राप्त सिफारिशों पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही भविष्य की ब्रिक्स अध्यक्षताओं के दौरान सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान की जाएगी।
खेल प्रौद्योगिकी और विनिर्माण पर जोर
ब्रिक्स खेल मंत्रियों की 23 अगस्त को होने वाली बैठक में खेल के क्षेत्र में सदस्य देशों के बीच सहयोग मजबूत करने पर चर्चा होगी। भारत की अध्यक्षता के दौरान पारंपरिक एवं स्वदेशी खेल, खेल प्रौद्योगिकी और खेल विनिर्माण को प्रमुख प्राथमिकता दी गई है। बैठक में ब्रिक्स खेल संयुक्त घोषणा को अपनाया जाएगा। साथ ही खेल प्रौद्योगिकी सहयोग और खेल विनिर्माण सम्मेलन भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।
11 सदस्य देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
बैठक में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में ब्रिक्स मैत्री साइकिलिंग आयोजन, द्विपक्षीय बैठकें और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। दोनों बैठकें युवा विकास और खेल के क्षेत्र में सदस्य देशों के बीच अनुभव साझा करने तथा संस्थागत सहयोग को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे