प्रो बॉक्सिंग लीग का आगाज़ 6 जुलाई से, दिल्ली करेगा मेजबानी
नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)।
राजधानी दिल्ली पहली बार प्रोफेशनल बॉक्सिंग के बड़े आयोजन की मेजबानी करने जा रही है। प्रो बॉक्सिंग लीग (पीबीएल) का आयोजन 6 जुलाई से तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में होगा। लीग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शुक्रवार को आयोजन से पूर्व स्टेडियम में व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन समिति, सहयोगी संस्थाओं और अधिकारियों ने भाग लिया।
इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि देश में बॉक्सिंग को नई पहचान दिलाना और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मजबूत प्रोफेशनल बॉक्सिंग संरचना से भारतीय मुक्केबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा, जिससे भविष्य में ओलंपिक सहित बड़े मंचों पर बेहतर प्रदर्शन का रास्ता मजबूत होगा।
बैठक में मौजूद विधायक अशोक गोयल देवरहा ने कहा कि इस तरह के बड़े आयोजन राजधानी में खेल संस्कृति को नई दिशा देंगे और युवाओं को बॉक्सिंग जैसे खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
आयोजन समिति से जुड़े शशिकांत ने बताया कि लीग को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने के लिए आधुनिक तकनीक और पेशेवर व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
लीग में चार टीमों के कुल 32 मुक्केबाज हिस्सा लेंगे, जो विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन समिति का मानना है कि यह प्रतियोगिता भारतीय प्रोफेशनल बॉक्सिंग को नई दिशा देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच साबित होगी।
महासचिव राकेश ठाकरान ने बताया कि प्रो बॉक्सिंग लीग भारतीय मुक्केबाजों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
वहीं आयोजन समिति के संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व महापौर जयप्रकाश ने कहा कि लीग को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजित करने की तैयारी की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन भविष्य में भारत को विश्वस्तरीय प्रो बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए मजबूत आधार प्रदान करेगा।
लीग का उद्घाटन समारोह 6 जुलाई को शाम 6:45 बजे होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंदर गुप्ता होंगे। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता आर. एस. गोस्वामी ने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे