ट्रीसा-गायत्री ने प्रशंसकों को दिया क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का श्रेय, कहा-दर्शकों ने हमें संभाला
नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। भारतीय महिला युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने बीएफडब्ल्यू विश्व चैंपियनशिप 2026 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद घरेलू दर्शकों का आभार जताया।
भारतीय जोड़ी ने गुरुवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए राउंड ऑफ-16 मुकाबले में जापान की सातवीं वरीय रिन इवानागा और की नाकानिशी को 21-16, 21-12 से हराया।
दुनिया की 39वें नंबर की ट्रीसा-गायत्री जोड़ी अब क्वार्टर फाइनल में चौथी वरीय चीन की जिया यिफान और झांग शुशियान की जोड़ी से भिड़ेगी।
जीत के बाद गायत्री गोपीचंद ने कहा कि दिल्ली में घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का थोड़ा दबाव जरूर था लेकिन यह ऐसा दबाव है जिसे वह पसंद करती हैं। उन्होंने कहा कि मुश्किल क्षणों में दर्शकों के समर्थन ने उन्हें संभाले रखा।
गायत्री ने कहा, “कोर्ट पर उतरते समय निश्चित रूप से थोड़ा दबाव था लेकिन यह ऐसा दबाव है जिसका आप आनंद लेते हैं क्योंकि आप दिल्ली में खेल रहे हैं। पहले गेम में भी हम 13-16 से पीछे थे लेकिन इसके बाद हमें अपने कोचों से कुछ सुझाव मिले और हमने उन्हें अच्छी तरह लागू किया। मैं इससे बहुत खुश हूं। दूसरे गेम में भी कुछ मौके काफी मुश्किल थे और मुकाबला लगभग बराबरी का चल रहा था लेकिन हम शांत रहे और मैच जीतने में सफल रहे।”
उन्होंने घरेलू दर्शकों को धन्यवाद देते हुए कहा, “एक समय हम दबाव में थे और दर्शक हमें आगे बढ़ा रहे थे। मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहती हूं और चाहती हूं कि वे हम पर विश्वास बनाए रखें। उम्मीद है कि हम उन्हें जश्न मनाने के और मौके देंगे।”
ट्रीसा जॉली ने भी घरेलू दर्शकों के समर्थन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय जोड़ी के पीछे रहने के बावजूद दर्शकों ने उनका उत्साह बढ़ाना जारी रखा।
ट्रीसा ने कहा, “दर्शक शानदार हैं। पहले गेम में जब हम पीछे भी थे, तब भी दर्शकों ने हमारा बहुत साथ दिया। जब मुकाबला घरेलू जमीन पर हो रहा हो तो हम चाहते हैं कि दर्शक हमें मजबूत प्रदर्शन करते हुए देखें और हम उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखा सकें।”
क्वार्टर फाइनल में चीन की मजबूत जोड़ी के खिलाफ मुकाबले को लेकर ट्रीसा ने कहा कि चुनौती आसान नहीं होगी। उन्होंने कहा, “यह आसान नहीं होने वाला है। वे शीर्ष स्तर की खिलाड़ी हैं और हमारे लिए हर अंक महत्वपूर्ण होगा। हमें खुद पर विश्वास रखना होगा, शांत रहना होगा और उस पल पर ध्यान केंद्रित करना होगा।”
विश्व चैंपियनशिप में पदक से सिर्फ एक जीत दूर होने को लेकर ट्रीसा ने कहा कि यह बात उनके दिमाग में जरूर है लेकिन फिलहाल उनका ध्यान मौजूदा पल का आनंद लेने, अच्छी तरह आराम करने और अगले मुकाबले की तैयारी पर है।
उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से यह हमारे दिमाग में रहेगा लेकिन हमें इस समय में रहना है। हमें इस जीत का आनंद लेना है, अच्छी तरह से रिकवरी करनी है और अगले मैच की तैयारी करनी है।”
गायत्री ने जापानी जोड़ी के खिलाफ जीत को आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि अब तक जिन खिलाड़ियों का उन्होंने सामना किया, उन्हें हराना आसान नहीं था।
उन्होंने कहा, “यह निश्चित रूप से आत्मविश्वास के लिए बहुत बड़ा बढ़ावा है क्योंकि उन्होंने भी बहुत अच्छी लड़ाई लड़ी। हमने जिन खिलाड़ियों के खिलाफ खेला, उनमें से किसी को हराना आसान नहीं था। इसलिए यह हमारे लिए निश्चित रूप से बहुत बड़ा आत्मविश्वास है और अब हम अगले मुकाबले के लिए उत्साहित हैं।”
मुकाबले में ट्रीसा और गायत्री ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। जापानी जोड़ी ने मजबूत रक्षात्मक खेल के जरिए भारतीय खिलाड़ियों पर दबाव बनाने की कोशिश की लेकिन भारतीय जोड़ी ने बढ़त बनाए रखी और पहला गेम 21-16 से जीत लिया।
दूसरे गेम में ट्रीसा और गायत्री ने अपनी बढ़त तेजी से मजबूत की। लगातार आक्रामक खेल के दम पर उन्होंने जापानी जोड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और दूसरा गेम 21-12 से जीतकर विश्व चैंपियनशिप के अंतिम आठ में जगह पक्की कर ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे