थाईलैंड ओपन : सिंधु और श्रीकांत प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, आयुष शेट्टी बाहर

 




नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। थाईलैंड ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत ने शानदार जीत दर्ज करते हुए बुधवार को प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने महिला एकल के पहले दौर में चीनी ताइपे की तुंग चिउ-तोंग को एकतरफा मुकाबले में 21-9, 21-12 से हराया। छठी वरीयता प्राप्त सिंधु ने यह मुकाबला सिर्फ 33 मिनट में अपने नाम किया। अब अगले दौर में उनका सामना डेनमार्क की अमाली शुल्ज से होगा। सिंधु 2024 सैयद मोदी इंटरनेशनल के बाद अपने पहले खिताब की तलाश में हैं।

पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत ने सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लोह कीन यू को 21-14, 21-15 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। यह मुकाबला 2021 विश्व चैंपियनशिप फाइनल का रीमैच था। श्रीकांत, जिन्होंने 2013 में थाईलैंड ओपन का खिताब जीता था, अब अगले दौर में चीनी ताइपे के सु ली यांग से भिड़ेंगे।

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष शेट्टी को जापान के कोडाई नाराओका के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। पहले गेम गंवाने के बाद आयुष ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचाया। हालांकि तीसरे गेम में जापानी खिलाड़ी पूरी तरह हावी रहे और उन्होंने 21-13, 17-21, 21-4 से जीत दर्ज की।

महिला एकल में युवा भारतीय खिलाड़ी उन्नति हुड्डा और अनमोल खरब भी हारकर बाहर हो गईं। उन्नति हुड्डा ने थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ पहला गेम जीतकर शानदार शुरुआत की, लेकिन चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने वापसी करते हुए 11-21, 21-17, 21-16 से मुकाबला जीत लिया। फरीदाबाद की 19 वर्षीय अनमोल खरब ने मौजूदा चैंपियन चीन की चेन यू फेई को कड़ी टक्कर दी। निर्णायक गेम में अनमोल एक समय 11-2 से आगे थीं, लेकिन चीनी खिलाड़ी ने जोरदार वापसी करते हुए 19-21, 21-13, 21-18 से मैच अपने नाम कर लिया।

दिन में बाद में लक्ष्य सेन, तन्वी शर्मा, देविका सिहाग, मालविका बंसोड़ और ईशारानी बरुआ भी अपने एकल मुकाबले खेलेंगी, जबकि मिश्रित युगल में भारत की तीन जोड़ियां एक्शन में नजर आएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे