विश्व चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में वांग झी यी से हारीं पीवी सिंधु
नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2026 में सफर गुरुवार को प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की तीसरी वरीय वांग झी यी के हाथों हार के साथ समाप्त हो गया। सिंधु को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 21-11, 15-21, 21-17 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
यह विश्व चैंपियनशिप में किसी चीनी खिलाड़ी के खिलाफ सिंधु की पहली हार है। इससे पहले उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में चीनी खिलाड़ियों के खिलाफ लगातार आठ मुकाबले जीते थे।
वांग ने पहले गेम में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। 7-7 की बराबरी के बाद चीनी खिलाड़ी ने लगातार बढ़त बनानी शुरू की और सिंधु को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
वांग ने पहला गेम 21-11 से जीतकर मुकाबले में बढ़त हासिल कर ली।
दूसरे गेम में सिंधु ने जोरदार वापसी की। उन्होंने ब्रेक के बाद आक्रामक रुख अपनाते हुए शुरुआती बढ़त हासिल की और नेट पर शानदार खेल दिखाकर मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा। हालांकि बीच में वांग ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिंधु ने महत्वपूर्ण मौकों पर अंक जुटाते हुए 21-15 से गेम जीत लिया और मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।
54 शॉट की लंबी रैली ने बदला मुकाबले का रुख
निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। सिंधु और वांग लगातार एक-दूसरे की बढ़त को चुनौती देती रहीं। इस दौरान वांग मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से भी जूझती नजर आईं।
मुकाबला 18-17 के बेहद करीबी स्कोर पर पहुंचा, जहां दोनों खिलाड़ियों के बीच 54 शॉट की लंबी और रोमांचक रैली हुई। इस रैली के बाद सिंधु उस झटके से उबर नहीं सकीं और वांग ने लगातार महत्वपूर्ण अंक हासिल करते हुए 21-17 से निर्णायक गेम जीत लिया।
वांग झी यी अब क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफरसन से भिड़ेंगी। क्रिस्टोफरसन ने प्री-क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की छठी वरीय पुत्री कुसुमा वारदानी को हराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे