इंडोनेशिया ओपन में विश्व ओलंपिक चैंपियन से हारीं पीवी सिंधु, आयुष शेट्टी भी बाहर
जकार्ता, 04 जून (हि.स.)। भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का इंडोनेशिया ओपन 2026 अभियान प्री-क्वार्टरफाइनल में गुरुवार को समाप्त हो गया। सिंधु को लगातार दूसरे सप्ताह विश्व नंबर-1 और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन एन से यंग के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
महिला एकल के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में सिंधु ने कुछ समय तक अच्छी चुनौती पेश की, लेकिन अंततः उन्हें 17-21, 14-21 से हार झेलनी पड़ी। इससे एन से यंग के खिलाफ सिंधु की हार का सिलसिला 10 मैचों तक पहुंच गया और भारतीय स्टार अब भी दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी के खिलाफ पहली जीत की तलाश में हैं।
मुकाबले की शुरुआत बेहद कड़ी रही और पहले गेम के दौरान दोनों खिलाड़ी 10-10 की बराबरी पर थीं। सिंधु ने आक्रामक खेल दिखाते हुए एक समय 15-14 की बढ़त भी बनाई, लेकिन इसके बाद एन से यंग ने लगातार अंक जुटाकर वापसी की।
दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी ने 41 शॉट की लंबी रैली जीतकर पहला गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी एन से यंग ने शुरुआत से दबदबा बनाए रखा और 13-6 की बढ़त हासिल कर ली। सिंधु ने वापसी की कोशिश की, लेकिन एन की शानदार कोर्ट कवरेज और निरंतरता के आगे टिक नहीं सकीं।
पुरुष एकल में भारत के आयुष शेट्टी भी प्री-क्वार्टरफाइनल से आगे नहीं बढ़ सके। आयुष ने पहला गेम जीतकर अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद हांगकांग के ली चियुक यिउ ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 16-21, 21-13, 21-14 से जीत लिया।
हालांकि, भारतीय चुनौती पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। पुरुष युगल में एम. आर. अर्जुन और हरिहरन अम्साकरुणन की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।
भारतीय जोड़ी ने मलेशिया के एरॉन ताई और कांग खाई शिंग को 16-21, 21-15, 21-19 से हराकर अंतिम-8 में प्रवेश किया और टूर्नामेंट में भारत की उम्मीदों को जीवित रखा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे