थॉमस-उबर कप में सिंधु, सेन के दम पर भारत की खिताबी दावेदारी, साई ने दी 1.45 करोड़ रुपये की मदद
नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय बैडमिंटन टीम आगामी बीडब्ल्यूएफ थॉमस एवं उबर कप फाइनल्स में दमदार प्रदर्शन के इरादे से उतरेगी। इस प्रतिष्ठित टीम चैंपियनशिप का आयोजन 24 अप्रैल से 3 मई तक डेनमार्क के हॉर्सेन्स में किया जाएगा। टूर्नामेंट से पहले भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने टीम को 1.45 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय और लॉजिस्टिक सहायता प्रदान की है।
भारत के 34 सदस्यीय दल में 20 खिलाड़ी, पांच कोच और नौ सपोर्ट स्टाफ हैं। टीम में पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की जोड़ी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ उभरते प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी शामिल हैं। टीम में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के कोर और डेवलपमेंट ग्रुप के कई खिलाड़ी भी मौजूद हैं।
थॉमस कप में भारतीय पुरुष टीम को कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और चीन के साथ ग्रुप में रखा गया है, जबकि उबर कप में भारतीय महिला टीम डेनमार्क, यूक्रेन और चीन से भिड़ेगी। भारत ने 2022 में इतिहास रचते हुए इंडोनेशिया को हराकर पहली बार थॉमस कप का खिताब जीता था, जिससे देश ने पुरुष टीम बैडमिंटन में अपनी वैश्विक पहचान मजबूत की।
साई की ओर से स्वीकृत 1.45 करोड़ रुपये की सहायता में खिलाड़ियों और स्टाफ के हवाई यात्रा, आवास, वीज़ा, एक्रेडिटेशन, दैनिक भत्ता, भोजन, बीमा और अन्य खर्च शामिल हैं। इसके अलावा टीम के साथ विशेषज्ञ कोच, फिजियोथेरेपिस्ट, ट्रेनर और मसाजर भी भेजे गए हैं, ताकि खिलाड़ियों को हर स्तर पर बेहतर समर्थन मिल सके।
गौरतलब है कि 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन शामिल नहीं है, ऐसे में थॉमस और उबर कप भारतीय बैडमिंटन के लिए काफी महत्वपूर्ण हो जाते हैं। वहीं, 2030 में भारत में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन की वापसी की उम्मीद है।
थॉमस कप टीम: लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणय, किरण जॉर्ज, सात्विकसाईराज, चिराग शेट्टी, हरिहरन अम्साकरुणन, एम आर अर्जुन, ध्रुव कपिला।
उबर कप टीम: पीवी सिंधु, उन्नति हुड्डा, तन्वी शर्मा, ईशरानी बरुआ, देविका सिहाग, गायत्री गोपीचंद, त्रेशा जॉली, एस काविप्रिया, सिमरन सिंघी, तनिषा क्रिस्टो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे