डेनमार्क ओपन: त्रीसा-गायत्री की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंची
ओडेंस, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने डेनमार्क ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला युगल क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने गुरुवार को राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में इंडोनेशिया की पांचवीं वरीयता प्राप्त रेचल अलेस्स्या रोज और फेबी सेटियानिंगरम को सीधे गेमों में 21-16, 21-17 से हराया।
भारतीय जोड़ी ने शुरुआती गेम में कड़े मुकाबले के बाद नियंत्रण हासिल किया। दूसरे गेम में इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने वापसी की कोशिश की, लेकिन त्रीसा और गायत्री ने संयम बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
त्रीसा ने पिछले कोर्ट से आक्रामक खेल दिखाया, जबकि गायत्री ने नेट पर मजबूती से मोर्चा संभाला। भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआती संघर्ष के बाद अपनी रक्षापंक्ति को बेहतर किया और गलतियों पर अंकुश लगाते हुए पहला गेम 21-16 से जीता। दूसरे गेम में भी उन्होंने इसी लय को बरकरार रखा और 21-17 से जीत दर्ज की।
पहले दौर में भी सीधे गेमों में मिली थी जीत
त्रीसा और गायत्री ने राउंड ऑफ 32 में चीनी ताइपे की चेन यान फेई और ह्सिएह पेई शान को 22-20, 21-14 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया था। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना मलेशिया की एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता जोड़ी पर्ली टैन और थिनाह मुरलीधरन तथा हांगकांग की न्गा टिंग युंग और पुई लाम युंग के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता जोड़ी से होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे