चाइना मास्टर्स: तन्वी शर्मा ने अमाली शुल्ज को हराया, अंतिम-16 में पहुंचीं
शेनझेन, 02 सितंबर (हि.स.)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने बुधवार को डेनमार्क की अमाली शुल्ज को सीधे गेम में हराकर चाइना मास्टर्स के महिला एकल के अंतिम-16 में जगह बना ली। तन्वी ने 21-16, 21-17 से जीत दर्ज की।
तन्वी ने पहले गेम में शानदार शुरुआत करते हुए पहले ब्रेक तक 11-5 की बढ़त बना ली। इसके बाद भी उन्होंने अपना दबदबा कायम रखा और पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया।
दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। तन्वी ने शुरुआत में बढ़त बनाई लेकिन अमाली ने वापसी करते हुए ब्रेक तक 11-10 की मामूली बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष हुआ और स्कोर 16-16 तथा फिर 17-17 से बराबर हो गया।
निर्णायक क्षणों में तन्वी ने धैर्य बनाए रखा और लगातार चार अंक जीतकर दूसरा गेम 21-17 से अपने नाम कर लिया। उन्होंने आधे घंटे से कुछ अधिक समय में मुकाबला जीत लिया।
इस साल थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स में भी तन्वी और अमाली का सामना हुआ था। उस मुकाबले में डेनमार्क की खिलाड़ी ने तन्वी को 21-19, 16-21, 16-21 से हराया था। इस बार तन्वी ने उस हार का हिसाब बराबर कर लिया।
लक्ष्य सेन बाहर, श्रीकांत अंतिम-16 में
इससे पहले दिन में भारत के लक्ष्य सेन को कनाडा के विक्टर लाई के खिलाफ सीधे गेम में 14-21, 7-21 से हार का सामना करना पड़ा और उनका अभियान समाप्त हो गया।
वहीं, किदांबी श्रीकांत ने ची यू-रेन को 21-16, 21-15 से हराकर पुरुष एकल के अंतिम-16 में प्रवेश किया। देविका सिहाग को बुल्गारिया की कालोयाना नालबांतोवा के खिलाफ 18-21, 15-21 से हार मिली।
मिश्रित युगल में ध्रुव-तनिशा की जीत
मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनिशा क्रास्टो ने थाईलैंड के टोंकिड और टोनरुग साएहेंग को 21-8, 21-9 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई।
हालांकि, रोहन कपूर और रुथविका गड्डे को वू गुआन शुन और ली चिया शिन की जोड़ी के खिलाफ 16-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे