ऑल इंग्लैंड ओपन 2026: राउंड ऑफ 32 में हारे सात्विक-चिराग
बर्मिंघम, 05 मार्च (हि.स.)। भारत की स्टार पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 के राउंड ऑफ 32 में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को बुधवार को मलेशिया के आरोन ताई और खाई जिंग कांग ने सीधे गेम में 23-21, 21-12 से पराजित किया। मुकाबला 42 मिनट तक चला।
विश्व नंबर चार भारतीय जोड़ी पहले गेम में अधिकांश समय पीछे रही। हालांकि उन्होंने दो गेम प्वाइंट बचाते हुए स्कोर 20-20 से बराबर किया, लेकिन मलेशियाई खिलाड़ियों ने निर्णायक अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरा गेम पूरी तरह एकतरफा रहा। एक समय रंकीरेड्डी और शेट्टी सात अंकों से पीछे चल रहे थे और वापसी नहीं कर सके, जिससे उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
मिश्रित युगल में भी निराशा
मिश्रित युगल में भारत के रोहन कपूर और रुथविका गड्डे की जोड़ी को फ्रांस के थॉम गिक्वेल और डेलफीन डेलरू के खिलाफ 12-21, 15-21 से हार झेलनी पड़ी। यह मुकाबला भी 42 मिनट में समाप्त हुआ।
आयुष शेट्टी भी हारे
पुरुष एकल में 20 वर्षीय आयुष शेट्टी को इंडोनेशिया के विश्व नंबर 14 अल्वी फरहान के खिलाफ तीन गेम तक चले मुकाबले में हार मिली। आयुष ने पहला गेम 21-19 से जीता, लेकिन इसके बाद 9-21 और 17-21 से अगले दो गेम गंवाकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
भारत के लिए ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 की शुरुआत निराशाजनक रही, क्योंकि प्रमुख खिलाड़ी पहले ही दौर में बाहर हो गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे