बीएफडब्ल्यू विश्व चैंपियनशिप में उन्नति हुड्डा ने जीत के साथ की अपने अभियान की शुरुआत

 


नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने नई दिल्ली में जारी बीएफडब्ल्यू विश्व चैंपियनशिप-2026 में मंगलवार को जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। महिला एकल के पहले दौर में उन्नति ने म्यांमार की थेट हार थुजार को सीधे गेमों में 22-20, 21-16 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और कोई भी खिलाड़ी स्पष्ट बढ़त नहीं बना सकी। उन्नति ने 21 मिनट के संघर्ष के बाद पहला गेम 22-20 से अपने नाम किया। कोर्ट बदलने के बाद भारतीय खिलाड़ी ने अपने खेल की गति बढ़ा दी। उन्होंने आक्रामक शुरुआत करते हुए 11-1 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। म्यांमार की खिलाड़ी ने इसके बाद वापसी की कोशिश करते हुए अंतर को 16-20 तक कम किया, लेकिन उन्नति ने धैर्य बनाए रखा और लगातार दो गेमों में मुकाबला जीत लिया।

दूसरे दौर में उन्नति का सामना कनाडा की 13वीं वरीयता प्राप्त मिशेल ली से होगा। मिशेल ली ने पहले दौर में चीनी ताइपे की पी. चिउ को 22-20, 21-12 से हराया।

रोहन कपूर और रुथविका गड्डे का अभियान खत्म

इस बीच, रोहन कपूर और रुथविका गड्डे की जोड़ी को मिश्रित युगल के पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। कनाडा के जोनाथन लाई और क्रिस्टल लाई ने भारतीय जोड़ी को एक घंटे आठ मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 19-21, 21-17 से हराया। इसके साथ ही रोहन और रुथविका का विश्व चैंपियनशिप अभियान समाप्त हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे