विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप: पूजा ने ऊंची कूद के फाइनल में बनाई जगह
लंबी कूद में दो भारतीय पदक की दौड़ में
यूजीन, ओरेगन, 08 अगस्त (हि.स.)।
भारत की पूजा ने शुक्रवार को विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के तीसरे दिन महिलाओं की ऊंची कूद के फाइनल में जगह बना ली। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी पूजा ने 1.79 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर पदक दौर में प्रवेश किया।
सीधे क्वालीफिकेशन के लिए 1.84 मीटर का मानक निर्धारित था, लेकिन कोई भी एथलीट इसे पार नहीं कर सकी। ऐसे में 1.79 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाने वाली सभी 12 एथलीट फाइनल में पहुंचीं।
पूजा ने इसी साल हरियाणा की इस युवा एथलीट ने एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1.93 मीटर की छलांग लगाकर 14 साल पुराना सीनियर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। यह रिकॉर्ड पहले सहाना कुमारी के नाम था। पूजा ने उस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक भी जीता था।
लंबी कूद में दो भारतीय फाइनल में
पुरुषों की लंबी कूद में भारत के शाहनवाज खान और आर.सी. जितिन अर्जुनन ने भी फाइनल में जगह बना ली। दोनों खिलाड़ी सीधे क्वालीफिकेशन के लिए निर्धारित 7.75 मीटर का मानक हासिल नहीं कर सके, लेकिन शीर्ष-12 में रहने के कारण पदक दौर में पहुंच गए।
शाहनवाज ने 7.73 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर ग्रुप-ए में चौथा और कुल मिलाकर पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं जितिन अर्जुनन ने 7.57 मीटर की छलांग के साथ ग्रुप-ए में सातवां और कुल 12वां स्थान हासिल किया।
नियम के अनुसार 7.75 मीटर का सीधे क्वालीफिकेशन मानक हासिल करने वाले या दोनों ग्रुपों में कुल शीर्ष 12 में रहने वाले एथलीट फाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं।
महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में भारत की पूनम फाइनल में जगह बनाने से मामूली अंतर से चूक गईं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 48.81 मीटर रहा, जिससे वह कुल 13वें स्थान पर रहीं।
फाइनल में पहुंचने के लिए निर्धारित सीधे क्वालीफिकेशन मानक 52.50 मीटर था। अंतिम क्वालीफिकेशन स्थान हासिल करने वाली नीदरलैंड की जोली बारवेल्ड्ट ने 49.08 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया और पूनम से आगे निकल गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे