विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप: 400 मीटर फाइनल में आठवें स्थान पर रहे मोहम्मद अशफाक
यूजीन, ओरेगन, 08 अगस्त (हि.स.)।
भारत के मोहम्मद अशफाक विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 400 मीटर दौड़ के फाइनल में आठवें स्थान पर रहे।
शुक्रवार को हुए फाइनल में अशफाक ने 46.20 सेकंड का समय निकाला।
दूसरी लेन में दौड़ रहे अशफाक ने तेज शुरुआत की और कुछ समय तक शीर्ष पांच खिलाड़ियों में बने रहे। हालांकि, अंतिम चरण में उनकी रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई और वह आठवें स्थान पर रहे।
अमेरिका के जेडेन डीलियोन ने 44.47 सेकंड के चैंपियनशिप रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। उनके हमवतन क्विंसी विल्सन ने 44.62 सेकंड के साथ रजत, जबकि दक्षिण अफ्रीका के लीनडर्ट कोएकेमोर ने 44.96 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
यह विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के इतिहास में पहली बार है जब पुरुषों की 400 मीटर फाइनल में तीनों पदक विजेताओं ने 45 सेकंड से कम समय निकाला।
अशफाक ने बनाया था राष्ट्रीय रिकॉर्ड
अशफाक ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पहुंचने से पहले अंडर-20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ा था। 19 वर्षीय भारतीय धावक ने हीट-5 में 45.81 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में जगह बनाई।
इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपना ही 46.05 सेकंड का पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था, जो उन्होंने अप्रैल में बेंगलुरु में अंडर-20 फेडरेशन कप में बनाया था।
सेमीफाइनल की हीट-3 में अशफाक ने 46.00 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे