एशियन खेल में पारुल चौधरी को मिला दूसरा पदक, 5000 मीटर दौड़ में जीता कांस्य
नागोया, 28 सितंबर (हि.स.)। भारत की लंबी दूरी की धाविका पारुल चौधरी ने सोमवार को एशियन खेल-2026 में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीत लिया। पारुल ने फाइनल में 15 मिनट 14.61 सेकंड का समय निकालकर पोडियम पर जगह बनाई। यह मौजूदा एशियन खेल में उनका दूसरा पदक है।
बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 15:10.18 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जापान की नोजोमी तनाका ने 15:11.65 के समय के साथ रजत पदक अपने नाम किया। पारुल ने इससे पहले महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी कांस्य पदक जीता था। उस फाइनल में उन्होंने 9:08.67 सेकंड का समय निकालकर अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किया था और नौ मिनट 10 सेकंड से कम समय में दौड़ पूरी करने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं।
स्टीपलचेज में पारुल शुरुआत से ही अग्रणी धाविकाओं के साथ बनी हुई थीं और दौड़ के बीच में रजत पदक की दावेदार भी नजर आ रही थीं। हालांकि अंतिम चरण में वह अपनी स्थिति बरकरार नहीं रख सकीं और 9:08.67 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। कजाकिस्तान की नोराह तानुई ने 9:06.82 के साथ रजत और विनफ्रेड यावी ने एशियन खेल रिकॉर्ड 9:04.36 के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारत की दूसरी धाविका अंकिता 9:19.24 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
5000 मीटर में कांस्य पदक के साथ पारुल ने लगातार दूसरे एशियन खेल में पदक जीतने का सिलसिला कायम रखा है। हांगझोऊ एशियन खेल में उन्होंने महिलाओं की 5000 मीटर में स्वर्ण और 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक जीता था। जापान में इस बार उनके नाम दो कांस्य पदक हो चुके हैं।
पारुल के लगातार दो एशियन खेल में पदक जीतने से भारत की एथलेटिक्स टीम के अभियान को भी मजबूती मिली है। उन्होंने एक ही प्रतियोगिता में अलग-अलग लंबी दूरी की स्पर्धाओं में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे