पुरी कोस्टल मैराथन 2026 से पहले कोलकाता प्रोमो रन में 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया

 




कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी पुरी कोस्टल मैराथन 2026 के प्रचार अभियान के तहत आयोजित कोलकाता प्रोमो रन में 1000 से अधिक धावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ओडिशा के पुरी में 13 दिसंबर को होने वाली इस मैराथन से पहले आयोजित पांच किलोमीटर की दौड़ में शहर के फिटनेस प्रेमियों, शौकिया धावकों, अनुभवी खिलाड़ियों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।

कोलकाता के बिधाननगर स्थित साल्ट लेक सेक्टर-3 के जीडी मैदान में आयोजित इस दौड़ के लिए 1000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया था। आयोजकों की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पंजीकृत सभी प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य लोगों को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और लंबी दूरी की दौड़ के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5:30 बजे प्रतिभागियों को बिब वितरित करने के साथ हुई। इसके बाद सुबह 6:45 बजे दौड़ को हरी झंडी दिखाई गई। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लिया और सुबह के माहौल को खेल और फिटनेस के रंग में रंग दिया।

इस प्रोमो रन में पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रखा गया था, ताकि शहर के अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें। प्रतिभागियों के लिए पेयजल की व्यवस्था, दौड़ की निःशुल्क तस्वीरें और दौड़ के बाद नाश्ते का इंतजाम किया गया था। वहीं, पहले 500 प्रतिभागियों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर विशेष टी-शर्ट देने की व्यवस्था भी की गई थी।

कोलकाता प्रोमो रन का उद्देश्य केवल लोगों को सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना ही नहीं बल्कि पुरी कोस्टल मैराथन 2026 के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी था। इस आयोजन के माध्यम से पश्चिम बंगाल और ओडिशा के धावक समुदायों के बीच जुड़ाव मजबूत करने का प्रयास किया गया। प्रतिभागियों ने पुरी में होने वाली मैराथन में हिस्सा लेने को लेकर भी उत्साह दिखाया।

आगामी पुरी कोस्टल मैराथन का आयोजन रविवार, 13 दिसंबर को ओडिशा के समुद्र तट पर किया जाएगा। इसे भारत की पहली रेत और सड़क पर आयोजित होने वाली मैराथन के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें धावकों को समुद्र तट की रेतीली सतह और सामान्य सड़क, दोनों पर दौड़ने की चुनौती मिलेगी।आयोजकों का उद्देश्य इस आयोजन के जरिए देशभर के धावकों को एक अनूठा अनुभव देने के साथ ओडिशा के तटीय पर्यटन और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।

कोलकाता प्रोमो रन में मिली उत्साहजनक भागीदारी के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दिसंबर में होने वाली मुख्य मैराथन में कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में धावक पुरी पहुंचेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे