एशियाई पैरा खेल: रावन्नी वलासनैनी ने 1500 मीटर टी11 में जीता कांस्य पदक

 


नागोया, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की पैरा एथलीट रावन्नी वलासनैनी ने एशियाई पैरा खेल 2026 में महिलाओं की 1500 मीटर टी11 स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। जापान के आइची-नागोया में आयोजित प्रतियोगिता में रावन्नी ने पांच मिनट 41.85 सेकंड का समय निकालकर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। शुरुआत में वह चौथे स्थान पर रही थीं, लेकिन हमवतन रक्षित राजू के अयोग्य घोषित होने के बाद उन्हें तीसरा स्थान मिला और कांस्य पदक उनके नाम हो गया।

इस स्पर्धा में चीन की शानशान हे ने चार मिनट 41.19 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनकी हमवतन जेंगली हुआंग ने चार मिनट 55.54 सेकंड में दौड़ पूरी कर रजत पदक हासिल किया।

भारत की दूसरी धाविका रक्षित राजू ने शुरुआत में पांच मिनट 31.45 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया था। हालांकि, बाद में उन्हें नियम टीआर 6.9 के तहत अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद चौथे स्थान पर रही रावन्नी को कांस्य पदक प्रदान किया गया।

टी11 वर्ग दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए निर्धारित है। इस वर्ग में शामिल एथलीटों को दौड़ के दौरान मार्गदर्शन के लिए गाइड धावक की सहायता लेनी पड़ सकती है।

रावन्नी का यह पदक एशियाई पैरा खेलों में भारत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ पोडियम पर जगह बनाने वाली रावन्नी ने भारतीय पैरा एथलेटिक्स के अभियान में एक और पदक जोड़ दिया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे