एशियाई पैरा खेलों में भारत ने झटके रिकॉर्ड 114 पदक, तालिका में चौथे स्थान पर
- 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक जीतकर भारत ने 2023 के प्रदर्शन को पीछे छोड़ा
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई पैरा खेल-2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदकों के साथ अपने अभियान का समापन किया है। भारत ने 30 स्वर्ण, 34 रजत और 49 कांस्य पदक अपने नाम किए। इस तरह भारतीय दल ने कुल पदकों की संख्या के मामले में पिछले संस्करण के प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। भारत ने शुक्रवार को 9 स्वर्ण सहित कुल 26 पदक जीतकर अपने अभियान का समापन किया, हालांकि, इन खेलों का आधिकारिक समापन 24 अक्टूबर दिन शनिवार को भव्य समापन समारोह के साथ किया जाएगा।
भारत ने पिछले रिकॉर्ड को छोड़ा पीछे
वर्ष 2023 के पिछले संस्करण में भारत ने 29 स्वर्ण, 31 रजत और 51 कांस्य सहित कुल 111 पदक जीते थे। इस बार भारत ने कुल पदकों की संख्या में दो पदकों का सुधार किया। पिछले संस्करण की तुलना में भारत ने एक अधिक स्वर्ण और तीन अधिक रजत पदक जीते, जबकि कांस्य पदकों की संख्या दो कम रही।
भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने पैरा खेलों में देश की बढ़ती मजबूती को रेखांकित किया है। तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, निशानेबाजी और तैराकी सहित विभिन्न स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।
चीन पदक तालिका में शीर्ष पर
चीन पदक तालिका में 427 पदक (204 स्वर्ण, 115 रजत और 108 कांस्य) के साथ शीर्ष पर है, जबकि जापान 185 पदक (63 स्वर्ण, 60 रजत और 62 कांस्य) के साथ दूसरे और उज्बेकिस्तान 145 पदक (45 स्वर्ण, 49 रजत और 51 कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे