एशियाई पैरा खेल : भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने की खिलाड़ियों से मुलाकात, बढ़ाया हौसला

 


नागोया, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जापान में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में हिस्सा ले रहे भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने भारतीय दल के सदस्यों से मुलाकात की।

अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे पैरा खिलाड़ियों के समर्पण और प्रतिबद्धता की सराहना की।

भारतीय दूतावास के प्रतिनिधिमंडल में उप मिशन प्रमुख आर. मधु सुदन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मामलों के काउंसलर डॉ. यशवंत देव पंवार, अटैशे अक्षय और दूतावास की स्थानीय कर्मचारी काया कांडा शामिल थीं।

इस मुलाकात के दौरान भारतीय पैरा खिलाड़ियों का समर्थन करने के महत्व पर जोर दिया गया। अधिकारी खिलाड़ियों के खेल कौशल के साथ-साथ उनके संघर्ष, दृढ़ संकल्प और जज्बे से भी प्रभावित दिखे। अधिकारियों के प्रोत्साहन से प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे भारतीय दल का मनोबल बढ़ा।

भारतीय खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतर रहे हैं। ऐसे में दूतावास के अधिकारियों की यह मुलाकात अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे भारतीय खिलाड़ियों के प्रति समर्थन और प्रोत्साहन का प्रतीक रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे