एशियाई पैरा खेलों में भारत पांचवें स्थान पर पहुंचा, 62 पदकों में 14 स्वर्ण शामिल
- पैरा एथलेटिक्स में भारत ने आज 5 स्वर्ण सहित जीते 22 पदक
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई पैरा खेल-2026 के तीसरे दिन भारत ने 27 पदक जीतकर तालिका में छठे से पांचवें स्थान पर छलांग लगाई। भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक 14 स्वर्ण, 22 रजत और 26 कांस्य सहित कुल 62 पदक अपने नाम किए हैं। तीसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने खेलों के नए रिकॉर्ड बनाए, व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और गोला फेंक की एक स्पर्धा में तीनों पदक जीतकर अपना दबदबा कायम किया।
गोला फेंक में भारत का क्लीन स्वीप
गोला फेंक की पुरुष एफ-46 स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक जीतकर इतिहास रचा। सचिन खिलारी ने अपने पहले ही प्रयास में 15.79 मीटर की दूरी तय कर स्वर्ण पदक जीता और खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। उनके सभी प्रयास 15 मीटर से अधिक के रहे। मोहम्मद यासिर ने 15.06 मीटर के सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत, जबकि प्रवीण ने 13.83 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक जीता।
पुरुष एफ-53 गोला फेंक में आयुष वर्मा ने 8.16 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। महिला एफ-34 गोला फेंक में भाग्यश्री जाधव ने 8.19 मीटर के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता। वहीं, पुरुष एफ-40 गोला फेंक में रवि रोंगाली ने 10.02 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक अपने नाम किया।
भाला और चक्का फेंक में भी मिले पदक
पुरुष एफ-13 भाला फेंक में मनजीत ने 61.03 मीटर का अपना करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। पुरुष एफ-55 भाला फेंक में सुखचैन ने 29.94 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक हासिल किया।
महिला एफ-55 चक्का फेंक में करमज्योति ने 21.60 मीटर की दूरी के साथ अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। पुरुष एफ-37 चक्का फेंक में हने ने 57.04 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में भारत ने 2022 के पिछले संस्करण में सातवां स्थान हासिल किया था।
ऊंची कूद में प्रवीण कुमार ने बनाया नया रिकॉर्ड
पुरुष टी-44 ऊंची कूद में भारत ने स्वर्ण और रजत दोनों पदक जीते। मौजूदा चैंपियन प्रवीण कुमार ने 2.05 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक जीता और खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। बंटी ने 1.92 मीटर की अपनी व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ रजत पदक हासिल किया।
पुरुष टी-42 लंबी कूद में शैलेश कुमार ने पांचवें प्रयास में 5.57 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक जीता। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने खेलों का नया रिकॉर्ड भी बनाया।
दौड़ की स्पर्धाओं में भारत को पदक
पुरुष टी-47 100 मीटर दौड़ में दिलीप गावित महाडू ने 10.69 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। मोहम्मद बासिल ने 10.72 सेकंड में दौड़ पूरी कर रजत पदक अपने नाम किया।
पुरुष टी-35 100 मीटर दौड़ में अनुभव चौधरी ने 12.72 सेकंड के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ कांस्य पदक जीता। पुरुष टी-64 100 मीटर दौड़ में प्रणव देसाई ने 11.96 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष टी-12 1500 मीटर दौड़ में शरथ माकनहल्ली ने 4 मिनट 11.01 सेकंड के सत्र के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ कांस्य पदक जीता।
पुरुष टी-37 100 मीटर दौड़ में राकेशभाई भट्ट ने 11.50 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया।
तीरंदाजी में शीतल और पायल को रजत
तीरंदाजी की महिला कंपाउंड युगल स्पर्धा में शीतल देवी और पायल नाग की जोड़ी ने रजत पदक जीता। भारतीय जोड़ी को फाइनल में चीन की शू शुएचिंग और झाओ जिंग के हाथों 141-150 से हार का सामना करना पड़ा।
खेलों के नए रिकॉर्ड, व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और गोला फेंक में तीनों पदकों पर कब्जे के साथ भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने तीसरे दिन शानदार प्रदर्शन किया। भारत अब 62 पदकों के साथ पदक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
आज के पदक विजेताओं की पूरी सूची
स्वर्ण पदक
1. पैरा एथलेटिक्स — सचिन खिलारी ने पुरुषों की गोला फेंक एफ-46 में स्वर्ण पदक जीता।
2. पैरा एथलेटिक्स — सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 100 मीटर टी-12 फाइनल में स्वर्ण पदक जीता।
3. पैरा एथलेटिक्स — दिलीप गावित ने पुरुषों की 100 मीटर टी-45 में स्वर्ण पदक जीता।
4. पैरा एथलेटिक्स — प्रवीण कुमार ने पुरुषों की ऊंची कूद टी-64 फाइनल में स्वर्ण पदक जीता।
5. पैरा एथलेटिक्स — आयुष वर्मा ने पुरुषों की गोला फेंक एफ-53 में स्वर्ण पदक जीता।
रजत पदक
1. पैरा एथलेटिक्स — मोहम्मद यासिर ने पुरुषों की गोला फेंक एफ-46 में रजत पदक जीता।
2. पैरा एथलेटिक्स — मोहम्मद बासिल ने पुरुषों की 100 मीटर टी-45 में रजत पदक जीता।
3. पैरा एथलेटिक्स — बंटी ने पुरुषों की ऊंची कूद टी-64 फाइनल में रजत पदक जीता।
4. पैरा तीरंदाजी — शीतल देवी और पायल नाग ने महिलाओं की कंपाउंड युगल स्वर्ण पदक स्पर्धा में रजत पदक जीता।
5. पैरा एथलेटिक्स — प्रीति पाल ने महिलाओं की 100 मीटर टी-35 फाइनल में रजत पदक जीता।
6. पैरा पावरलिफ्टिंग — कस्तूरी राजमणि ने महिलाओं की 67 किलोग्राम तक की स्पर्धा में रजत पदक जीता।
7. पैरा एथलेटिक्स — मंजीत ने पुरुषों की भाला फेंक एफ-12/एफ-13 में रजत पदक जीता।
8. पैरा एथलेटिक्स — भाग्यश्री जाधव ने महिलाओं की गोला फेंक एफ-34 फाइनल में रजत पदक जीता।
9. पैरा एथलेटिक्स — अकीरा बनोथु ने पुरुषों की 400 मीटर टी-35/टी-38 फाइनल में रजत पदक जीता।
10. पैरा तैराकी — रवि बुडिगिना ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक एस-13 फाइनल में रजत पदक जीता।
कांस्य पदक
1. पैरा एथलेटिक्स — परवीन ने पुरुषों की गोला फेंक एफ-46 में कांस्य पदक जीता।
2. पैरा एथलेटिक्स — सुखचैन ने पुरुषों की भाला फेंक एफ-55 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
3. पैरा एथलेटिक्स — प्रणव देसाई ने पुरुषों की 100 मीटर टी-64 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
4. पैरा एथलेटिक्स — अनुभव चौधरी ने पुरुषों की 100 मीटर टी-35 में कांस्य पदक जीता।
5. पैरा एथलेटिक्स — राकेश भट्ट ने पुरुषों की 100 मीटर टी-37 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
6. पैरा एथलेटिक्स — रवि रोंगाली ने पुरुषों की गोला फेंक एफ-40 में कांस्य पदक जीता।
7. पैरा एथलेटिक्स — शरथ मकनहल्ली ने पुरुषों की 1500 मीटर टी-12/टी-13 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
8. पैरा एथलेटिक्स — शैलेश कुमार ने पुरुषों की लंबी कूद टी-42/टी-61/टी-63 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
9. पैरा एथलेटिक्स — करमज्योति ने महिलाओं की चक्का फेंक एफ-55 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
10. पैरा एथलेटिक्स — हनी ने पुरुषों की चक्का फेंक एफ-37 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
11. पैरा तैराकी — हिमांशु नांदल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एस-11 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
12. पैरा तैराकी — रोहित कुमार ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी-4 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे