एशियाई खेल : क्विम्सी-अनस की जोड़ी कांस्य पदक मुकाबले में पहुंची, क्विम्सी महिला एकल सेमीफाइनल में

 


नागोया, 18 सितंबर (हि.स.)। एशियाई खेलों में पदार्पण कर रहे टैकबॉल में भारत की क्विम्सी डिसूजा ने महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्विम्सी और अनस बेग की मिश्रित युगल जोड़ी भी कांस्य पदक के मुकाबले में पहुंच गई है। मुकाबले जापान के नागोया सिटी हिगाशी स्पोर्ट्स सेंटर में खेले जा रहे हैं।

24 वर्षीय क्विम्सी ने ग्रुप बी के अपने पहले मुकाबले में जापान की यूइना सकामोटो को 43 मिनट में 2-1 से हराया। क्विम्सी ने पहला गेम 10-12 से गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों गेम 12-11, 13-11 से जीत लिए। इसके बाद उन्होंने 24 मिनट में कोएम्येन डी को 2-0 से हराया। उन्होंने यह मुकाबला 12-9, 12-7 से अपने नाम किया। ग्रुप में शीर्ष पर रहने के कारण क्विम्सी को क्वार्टर फाइनल में बाई मिली।

अब क्विम्सी के पास टैकबॉल में भारत के लिए ऐतिहासिक पदक जीतने के दो मौके हैं। शनिवार को सेमीफाइनल में उनका सामना इंडोनेशिया की सुमाया से होगा। इस मुकाबले में जीत हासिल करते ही क्विम्सी का पदक पक्का हो जाएगा। अगर क्विम्सी सेमीफाइनल में हारती हैं, तो रविवार को कांस्य पदक के मुकाबले में उनका सामना म्यांमार की वाई खिन हिन और लेबनान की कमर डंडाल के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के हारने वाले खिलाड़ी से होगा।

मिश्रित युगल में क्विम्सी और अनस बेग को क्वार्टर फाइनल में वियतनाम की जिया न्गी त्रिन्ह और होआंग मिन्ह तान न्गुएन की जोड़ी से 0-2 से हार मिली। वियतनामी जोड़ी ने मुकाबला 12-7, 12-10 से जीता।

हालांकि, भारतीय जोड़ी ने रेपेचेज मुकाबले में फिलीपींस की जोहाना अबुलेंसिया और प्रिंस अगस्टिन की जोड़ी को 2-0 से हराकर रविवार को होने वाले दो कांस्य पदक मुकाबलों में से एक में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी ने यह मुकाबला 12-3, 12-6 से जीता। कांस्य पदक मुकाबले में उनका सामना सेमीफाइनल में हारने वाली दो जोड़ियों में से किसी एक से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे