विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज: शीतल देवी ने कंपाउंड में जीता स्वर्ण, हरविंदर-भावना की जोड़ी भी बनी चैंपियन

 




अहमदाबाद, 09 सितंबर (हि.स.)। भारत की युवा तीरंदाज शीतल देवी ने बुधवार को विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज-2026 में महिला कंपाउंड स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। शीतल ने फाइनल में कजाकिस्तान की आइजादा सेइदान को शूट-ऑफ में 10-9 से हराकर स्वर्ण अपने नाम किया।

निर्धारित मुकाबले में दोनों तीरंदाजों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और स्कोर 144-144 से बराबर रहा। इसके बाद मुकाबला शूट-ऑफ में पहुंचा, जहां शीतल ने 10-9 से बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम किया।

भारत के हरविंदर सिंह और भावना की जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में चीन की लियांग च्यूरोंग और शिया लेई को 6-0 से एकतरफा अंदाज में हराया।

महिला रिकर्व स्पर्धा में भी भारत के खाते में पदक आया। कांस्य पदक के लिए हुए ऑल-इंडियन मुकाबले में भावना ने राजश्री राठौड़ को 6-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

पुरुष कंपाउंड स्पर्धा में भी भारतीय दल को एक और पदक मिला। चौथी वरीयता प्राप्त तोमन कुमार ने इराक के अब्बास काधिम को 143-138 से हराकर कांस्य पदक जीता।

इस तरह विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज 2026 में भारत ने कंपाउंड और रिकर्व दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे