मांडविया ने वर्ल्ड पैरा सीरीज में शानदार प्रदर्शन पर तीरंदाजी दल को किया सम्मानित

 


नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बैंकॉक में 30 मार्च से 4 अप्रैल तक आयोजित विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भारतीय दल से सोमवार को मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।

इस टूर्नामेंट में 21 देशों के 113 खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 13 पदक जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। इंडोनेशिया दूसरे और थाईलैंड तीसरे स्थान पर रहा। भारतीय दल में कुल 39 सदस्य शामिल थे, जिनमें 21 खिलाड़ी, 5 कोच, 3 सहयोगी स्टाफ और 10 सहायक सदस्य थे। इस प्रतियोगिता के लिए तैयारी और भागीदारी का खर्च सरकारी योजनाओं के तहत वहन किया गया।

भारत के प्रमुख पदक विजेता

तोमन कुमार ने 3 स्वर्ण पदक (पुरुष कम्पाउंड ओपन, मिश्रित टीम, पुरुष टीम) जीते।

शीतल देवी ने 2 स्वर्ण (मिश्रित टीम, महिला टीम) और 1 रजत (महिला ओपन) हासिल किया।

पायल नाग ने 2 स्वर्ण (महिला ओपन, महिला टीम) जीते।

हरविंदर सिंह ने 1 स्वर्ण (पुरुष टीम) और 1 रजत (पुरुष ओपन) जीता।

श्याम सुंदर स्वामी ने 1 स्वर्ण (पुरुष टीम) और 1 कांस्य (पुरुष ओपन) हासिल किया।

भावना ने 1 स्वर्ण (महिला ओपन) और 2 कांस्य (मिश्रित टीम, महिला टीम) जीते।

स्वाति चौधरी ने 1 रजत (डब्ल्यू-1 महिला) जीता।

राजश्री धनराज राठौड़ ने 1 कांस्य (महिला टीम) जीता।

विजय सुंडी ने 1 स्वर्ण (पुरुष टीम) और 1 कांस्य (मिश्रित टीम) जीता।

खिलाड़ियों ने साझा किए अनुभव

खिलाड़ियों और कोचों ने इस प्रतियोगिता को गर्व और प्रेरणा से भरा अनुभव बताया। दुनिया की पहली चारों अंगों से दिव्यांग तीरंदाज पायल नाग ने अपने प्रदर्शन से विशेष पहचान बनाई।

शीतल देवी ने कहा कि भारतीय दल की व्यवस्थाओं से वह संतुष्ट हैं और यह उनके लिए गर्व का क्षण था जब कई बार तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान बजा।

कोच अभिलाषा चौधरी ने कहा कि भारत ने न सिर्फ पदकों में बल्कि अपने प्रदर्शन से भी अपना दबदबा बनाया है। वहीं, श्याम सुंदर स्वामी ने कहा कि अन्य देश भारतीय खिलाड़ियों को मजबूत प्रतिद्वंद्वी मानते हैं।

खेल मंत्री ने दी बधाई

मनसुख मांडविया ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, “आपने न सिर्फ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया, बल्कि दूसरे स्थान पर रही टीम से दोगुने पदक जीते। आपकी जीत पूरे देश की जीत है।” उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन के बाद एशियाई खेलों में खिलाड़ियों से उम्मीदें और बढ़ेंगी, इसलिए उन्हें लगातार मेहनत जारी रखनी चाहिए।

सरकार का सहयोग जारी रहेगा

खेल मंत्री ने दोहराया कि सरकार पैरा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और अंतरराष्ट्रीय अवसर देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि भारत खेलों में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाए रखे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे