आईएसएसओ की राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में 56 स्कूलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

 


अहमदाबाद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। इंटरनेशनल स्कूल्स स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन (आईएसएसओ) की आठवीं राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026-27 रविवार को अहमदाबाद में संपन्न हो गई। विजयी भारत स्पोर्ट्स अकादमी (संस्कारधाम) में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के 56 स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 14 वर्ष से कम, 17 वर्ष से कम और 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ियों ने भारतीय राउंड, रिकर्व राउंड और कंपाउंड राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

अदाणी इंटरनेशनल स्कूल के सहयोग से आयोजित इस चैंपियनशिप में अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज और युवा विश्व चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता तमन्ना देशवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। हरियाणा के रोहतक की रहने वाली तमन्ना ने 2021 में पोलैंड में आयोजित युवा विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और 2024 में ताइवान में आयोजित एशियाई विश्वविद्यालय चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

तमन्ना देशवाल ने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में युवा तीरंदाजों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करते और अपनी प्रतिभा एवं दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करते देखना बहुत अच्छा है। इस तरह की चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जरूरी एकाग्रता विकसित करने में मदद करती हैं। मैं सभी प्रतिभागियों को लगातार सीखते रहने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती हूं।”

आईएसएसओ की निदेशक आकांक्षा थापक ने कहा, “आईएसएसओ में हम ऐसे व्यवस्थित प्रतिस्पर्धात्मक मंच तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता पहचानने और उसे विकसित करने में मदद करें। इस चैंपियनशिप में 56 स्कूलों की भागीदारी तीरंदाजी के प्रति बढ़ती रुचि और कम उम्र से ही खेल प्रतिभाओं को निखारने के महत्व को दर्शाती है। इस चैंपियनशिप को सफल बनाने में सहयोग के लिए हम अपने आयोजन साझेदारों का आभार व्यक्त करते हैं।”

भारतीय राउंड में इन खिलाड़ियों ने जीते खिताब

भारतीय राउंड में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों में द श्रीराम अकादमी के आदित्य निम्मागड्डा और बालिकाओं में विजडम वेल्थ इंटरनेशनल स्कूल की नानी बेट्सी एम ने खिताब जीते।

17 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों में इंडस अल्टम इंटरनेशनल स्कूल के नियान पोरवाल विजेता बने, जबकि बालिकाओं में बेलगावी स्थित इंडस अल्टम इंटरनेशनल स्कूल की आध्या श्रीकांत तोतागी ने पहला स्थान हासिल किया।

19 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों में संजय घोड़ावत इंटरनेशनल स्कूल के वीर शितलकुमार कदम ने खिताब जीता। बालिकाओं में 21के स्कूल की हरिया भक्ति ग्रिनिज ने पहला स्थान हासिल किया।

रिकर्व राउंड में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

रिकर्व राउंड के 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों में इला ग्रीन स्कूल के पी. तरुण प्रणीथ और बालिकाओं में जेएस ग्लोबल स्कूल की तिया वेंकटेश ने स्वर्ण पदक जीते।

17 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों में संजय घोड़ावत इंटरनेशनल स्कूल के आशुतोष अरुण पाटिल विजेता बने। बालिकाओं में आची ग्लोबल स्कूल की डेनिएला जे ने खिताब अपने नाम किया।

19 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों में संजय घोड़ावत इंटरनेशनल स्कूल के अर्नव अभिजीत नीलकंठ ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालिकाओं में चिरैक इंटरनेशनल स्कूल की मीसाला रिधा विजेता बनीं।

कंपाउंड राउंड में भी युवा तीरंदाजों का शानदार प्रदर्शन

कंपाउंड राउंड के 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों में के'सिर्स इंटरनेशनल स्कूल के कौशिक वीरन एमके और बालिकाओं में एबोड स्कूल की नंदावरम लशिराह ने खिताब जीते।

17 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों में जानकीदेवी पब्लिक स्कूल के विहान शाह ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि बालिकाओं में मेट ऋषिकुल विद्यालय की मानस्वी मोरडे विजेता बनीं।

19 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों में विश्वशांति गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल के निखिल राज शक्तिवेल ने खिताब जीता। बालिकाओं में मेट ऋषिकुल विद्यालय की चार्वी चावक ने पहला स्थान हासिल किया।

आईएसएसओ ने अदाणी इंटरनेशनल स्कूल और खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विजयी भारत स्पोर्ट्स अकादमी (संस्कारधाम) का आभार जताया। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पदक समारोह में विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं के विजेताओं को पदक, मेरिट प्रमाणपत्र और ट्रॉफियां प्रदान की गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे