एशियाई खेल 2026: महिला कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा से बाहर हुईं चिकिता, एक अंक से हारीं
आइची-नागोया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय तीरंदाज चिकिता तनीपार्थी को एशियाई खेल 2026 की महिला कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की नुरिसा दियान अशरीफा के खिलाफ करीबी मुकाबले में 143-144 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ चिकिता का व्यक्तिगत स्पर्धा में अभियान समाप्त हो गया।
बुधवार को भारतीय कंपाउंड टीम के स्वर्णिम अभियान में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली चिकिता गुरुवार को भी सेमीफाइनल में जगह बनाने की मजबूत स्थिति में थीं, लेकिन अंतिम चरण में उनका एक आठ का स्कोर निर्णायक साबित हुआ। नुरिसा ने दबाव में संयम बनाए रखते हुए 144 अंक हासिल किए और अंतिम चार में जगह बना ली।
चिकिता पिछली बार की चैंपियन ज्योति सुरेखा वेन्नम की उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए महिला व्यक्तिगत कंपाउंड में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश में थीं। हालांकि, उनकी हार के बाद इस स्पर्धा में भारत का कोई पदक नहीं रहेगा।
चिकिता ने बुधवार को भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने महिला कंपाउंड टीम और कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते थे। मिश्रित टीम में साहिल जाधव के साथ उनकी जीत ने भारत को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए कोटा भी दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे