एशियाई पैरा खेल: दिलीप गावित ने 400 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण, भाविक कुमार को रजत
गावित ने इन खेलों में जीता अपना दूसरा स्वर्ण
स्वातिक पाटिल ने तैराकी में जीता कांस्य
आइची-नागोया, 22 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई पैरा खेल-2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पैरा एथलेटिक्स की पुरुषों की 400 मीटर टी-47 स्पर्धा में दिलीप महादू गावित ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत के ही भाविक कुमार भरवाड़ ने रजत पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में भारत ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, पैरा तैराकी में स्वातिक पाटिल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी-9 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में एक और इजाफा किया।
दिलीप महादू गावित ने 400 मीटर टी-47 दौड़ में 48.27 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भाविक कुमार भरवाड़ ने 49.31 सेकंड में दौड़ पूरी कर रजत पदक जीता। जापान के काकेरू इशिदा 49.58 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें कांस्य पदक मिला।
दिलीप का इन खेलों में यह दूसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर टी-47 स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता था। 400 मीटर दौड़ में भारत के दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को दोहरे पदक की सफलता दिलाई।
स्वातिक पाटिल को तैराकी में कांस्य
पैरा तैराकी की पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी-9 स्पर्धा में स्वातिक पाटिल ने एक मिनट 13.77 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। ईरान के शाहिन इजादियार ने रजत पदक हासिल किया, जबकि सिना जेघामिनेजाद स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। स्वातिक रजत पदक से लगभग आधा सेकंड पीछे रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे