संशोधित-एशियन पैरा खेल : भारत ने चौथे दिन जीते 7 स्वर्ण सहित 26 पदक

 




भारत पदक तालिका में 88 पदक (21 स्वर्ण, 26 रजत और 41 कांस्य) के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई पैरा खेल-2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। खेलों के चौथे दिन भारत ने 7 स्वर्ण सहित कुल 26 पदक अपने नाम किए। पैरा एथलेटिक्स, तीरंदाजी, तैराकी, बैडमिंटन और पैरा टेबल टेनिस में भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश की पदक तालिका में इजाफा किया। शैलेश कुमार, शीतल देवी, तोमन कुमार, सुवर्णा राज, दिलीप गावित, अंजनाबेन बुम्बाडिया और सोलैराज धर्मराज ने स्वर्ण पदक जीते। भारत पदक तालिका में 88 पदक (21 स्वर्ण, 26 रजत और 41 कांस्य) के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया

पैरा एथलेटिक्स की पुरुषों की ऊंची कूद टी63 स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। शैलेश कुमार ने 1.89 मीटर की एशियाई खेल रिकॉर्ड छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। वरुण भाटी ने 1.84 मीटर की छलांग के साथ रजत और राहुल ने 1.81 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर कांस्य पदक हासिल किया।

तीरंदाजी में शीतल देवी ने महिलाओं की कंपाउंड स्पर्धा में सिंगापुर की नूर अलीम को हराकर स्वर्ण पदक जीता। शीतल ने तोमन कुमार के साथ मिलकर कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण भी अपने नाम किया। इस तरह उन्होंने खेलों में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं, स्वाति चौधरी को महिलाओं की डब्ल्यू-1 स्पर्धा के स्वर्ण पदक मुकाबले में चीन की सेन मेंगकान से हार के बाद रजत पदक मिला।

पैरा एथलेटिक्स की महिलाओं की चक्का फेंक एफ54 स्पर्धा में सुवर्णा राज ने स्वर्ण पदक जीता। पुरुषों की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में दिलीप गावित ने 48.27 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने इससे पहले 100 मीटर टी47 स्पर्धा में भी स्वर्ण जीता था। इसी स्पर्धा में भाविक भारवाड़ ने शुरुआत में रजत पदक हासिल किया था, लेकिन लेन उल्लंघन को लेकर विरोध दर्ज कराए जाने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। दूसरे लेन उल्लंघन के कारण उनका परिणाम निरस्त किया गया।

महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में अंजनाबेन बुम्बाडिया ने 59.97 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जयंती बेहेरा ने एक मिनट 0.65 सेकंड में दौड़ पूरी कर रजत पदक हासिल किया। महिलाओं की 400 मीटर टी12 स्पर्धा में तेजलबेन डामोर ने 57.60 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता। पुरुषों की लंबी कूद टी44/टी62/टी64 स्पर्धा में सोलैराज धर्मराज ने 7.15 मीटर की एशियाई खेल रिकॉर्ड छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता और अपने खिताब का बचाव किया।

पैरा तैराकी में कपिल कुमार ने पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल एस10 स्पर्धा में 4 मिनट 38.44 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता। रवि कार्तिक बुडिगिना ने पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में 25.89 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक अपने नाम किया। स्वस्तिक पाटिल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी9 स्पर्धा में एक मिनट 13.77 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। तेजस नंदकुमार ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक एस7 स्पर्धा में एक मिनट 18.58 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया। महिलाओं की 400 मीटर टी11 स्पर्धा में रवन्नी वलासनैनी ने भी कांस्य पदक जीता।

पैरा बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ियों ने कई पदक पक्के किए। मिश्रित युगल एसएल3-एसयू5 सेमीफाइनल में मानिषा रामदास और प्रमोद भगत को इंडोनेशिया की लेआनी ओक्टिला और हिकमत रामदानी से 21-16, 13-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को कांस्य पदक मिला। मिश्रित युगल एसएच6 सेमीफाइनल में नित्या श्री सुमति सिवन और कृष्णा नागर को इंडोनेशिया की रीना मार्लिना और सुब्हान ने 21-14, 21-18 से हराया। भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक जीता।

पुरुष युगल एसएल3-एसयू5 सेमीफाइनल में सूर्यकांत यादव और नवीन शिवकुमार को इंडोनेशिया के सूर्यो नुग्रोहो और मुहम्मद अल इमरान ने 21-8, 19-21, 21-16 से हराया। इस हार के बावजूद भारतीय जोड़ी को कांस्य पदक मिला। पुरुष एकल एसएल4 सेमीफाइनल में सुहास यथिराज को इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान ने 23-21, 8-21, 21-15 से हराया, जिसके बाद सुहास को कांस्य पदक मिला। महिला एकल एसएल3 सेमीफाइनल में संजना कुमारी को जापान की शिनो कवाई ने 21-7, 21-9 से हराया और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

पुरुष एकल एसएल4 के एक अन्य सेमीफाइनल में नवीन शिवकुमार ने अभिजीत सुखजा को 21-13, 21-15 से हराकर आगे जगह बनाई। अभिजीत को कांस्य पदक मिला। पुरुष एकल एसएल3 में प्रमोद भगत ने दक्षिण कोरिया के ली सेउंघु को 16-21, 21-18, 21-17 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। महिला एकल एसयू5 में थुलासिमति मुरुगेसन ने मानिषा रामदास को 19-21, 21-15, 21-13 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। महिला एकल एसएच6 में नित्या श्री सुमति सिवन ने चीन की लिन शुआंगबाओ को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पुरुष एकल एसएल3 में नितेश कुमार ने इंडोनेशिया के मुहम्मद अल इमरान को हराकर फाइनल में जगह बनाई।

पैरा टेबल टेनिस की मिश्रित युगल क्लास एक्सडी7 स्पर्धा के सेमीफाइनल में भाविना पटेल और शुभम वाधवा को दक्षिण कोरिया के जांग योंगजिन और ली मिग्यू से हार मिली। भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक जीता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे