एशियाई पैरा खेल: अंजनाबेन ने जीता स्वर्ण,जयन्ती को रजत
- पैरा एथलेटिक्स में भारत का एक और स्पर्धा में दोहरा पदक- तेजलबेन ने रजत के साथ अभियान समाप्त किया
आइची-नागोया, 22 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई पैरा खेल-2026 में भारतीय खिलाड़ियों का पदक जीतने का सिलसिला जारी है। पैरा एथलेटिक्स में अंजनाबेन बुम्बाडिया ने महिलाओं की 400 मीटर टी-47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी स्पर्धा में भारत की जयन्ती बेहेरा ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, तेजलबेन डामोर ने महिलाओं की 400 मीटर टी-12 स्पर्धा में रजत पदक जीता। पैरा बैडमिंटन में थुलासिमथि मुरुगेसन ने महिला एकल एसयू-5 के फाइनल में जगह बना ली, जबकि मनीषा रामदास को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
महिलाओं की 400 मीटर टी-47 स्पर्धा में अंजना बुम्बाडिया ने 59.97 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। भारत की ही जयन्ती बेहेरा ने एक मिनट 0.65 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। इस तरह भारत ने स्पर्धा में पहले और दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
महिलाओं की 400 मीटर टी-12 स्पर्धा के फाइनल में तेजलबेन डामोर ने 57.60 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने एशियाई पैरा खेल-2026 में अपना अभियान एक रजत और एक कांस्य पदक के साथ समाप्त किया। वर्ष 2022 के एशियाई पैरा खेलों में राधा वेंकटेश इसी स्पर्धा में एक मिनट 7.16 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रही थीं।
उधर, पैरा बैडमिंटन के महिला एकल एसयू-5 वर्ग के सेमीफाइनल में थुलासिमथि मुरुगेसन ने हमवतन मनीषा रामदास को 19-21, 21-15, 21-13 से हराया। मनीषा ने पहला गेम जीतकर बढ़त बनाई, लेकिन थुलासिमथि ने अगले दोनों गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मनीषा को कांस्य पदक मिला, जबकि थुलासिमथि अब फाइनल में चीन की चियूशिया यांग से भिड़ेंगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे