खेल मंत्रालय से सीनियर एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप के लिये वित्तीय अनुदान मंजूर

 




नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय ने 'नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन स्कीम' के तहत फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया को 26वीं सीनियर एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप आयोजित करने के लिए आधिकारिक तौर पर वित्तीय अनुदान मंजूर किया है।

यह चैंपियनशिप 19 जून से 24 जून तक भारत मंडपम कॉम्प्लेक्स में होगी। यहां पहली बार किसी कॉम्पिटिटिव स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले भारत मंडपम में जी20 जैसे शीर्ष स्तरीय आयोजन होते आये हैं।

भारत की स्टार फेंसर ओलंपियन सीए भवानी देवी ने कहा कि इतने बड़े स्तर के टूर्नामेंट का आयोजन भारतीय फेंसिंग के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।

प्रतियोगिता के लिए फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने आधिकारिक तौर पर 24 सदस्यों वाली एक मजबूत भारतीय टीम चुनी है, जिसमें 12 पुरुष और 12 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। चैम्पियनशिप में 30 से अधिक देशों के 400 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।

प्रतिस्पर्धा फॉइल, एपी और सेबर श्रेणियों में खेली जायेगी ।

भारतीय दल

एपी महिला श्रेणी: तनीक्षा खत्री, प्राची लोहन, मितवा चौधरी, यशकीरत कौर

एपी पुरुष: शेरजिन राजेंद्रन शांतिमोल, जोसेफ बेनेट, शौर्य अश्विनी, अलोशियस कूवक्कल जोशी

फॉइल महिला: जॉयस अशिता स्टालिनराज, नाओरेम मीना देवी, कनुप्रिया चावला, सोनिया देवी

फॉइल पुरुष: सचिन, सनासम हेमश सिंह, आदित्य, तेजस मनोज पाटिल

सेबर महिला: भवानी देवी, श्रेया गुप्ता, जेफरलिन जे एस, श्रुति जोशी

सेबर पुरुष: करण सिंह, गिशो निधि के.पी., लक्ष्य बडसेर, विशाल थापर

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह