शिवशंकर रॉय की नाबाद 55 रन की पारी से बराक लीजेंड्स की छह विकेट से जीत

 


गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। बराक लीजेंड्स ने गुरुवार को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में खेले गए इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल) 2026 के 39वें मुकाबले में तेजपुर टाइटंस को छह विकेट से हरा दिया।

120 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बराक लीजेंड्स ने 17 ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। कप्तान शिवशंकर रॉय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर छह चौकों की मदद से नाबाद 55 रन बनाए।

बराक लीजेंड्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने शुरुआती दो ओवरों में महज आठ रन पर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद शिवशंकर रॉय और यासिर अली ने चौथे विकेट के लिए 96 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। यासिर अली ने 48 गेंदों पर 43 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद अभिषेक देब ने नाबाद 10 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में कप्तान का साथ दिया।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी तेजपुर टाइटंस की टीम 19.1 ओवर में 119 रन पर ऑलआउट हो गई। डेनिश अहमद ने 28 गेंदों पर 31 रन बनाकर टीम की ओर से सर्वाधिक रन बनाए। रोशन तप्नो ने 23 और निहार डेका ने 19 रन का योगदान दिया।

बराक लीजेंड्स की ओर से अब्दुल अजीज कुरैशी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। शेखर ज्योति बर्मन और जैकी अली को एक-एक विकेट मिला।

संक्षिप्त स्कोर:

तेजपुर टाइटंस: 119 रन, 19.1 ओवर (डेनिश अहमद 31, रोशन टोपनो 23; अब्दुल अजीज कुरैशी 3/18)।

बराक लीजेंड्स: 120/4, 17 ओवर (शिवशंकर रॉय नाबाद 55, यासिर अली 43; आयुष्मान मलाकर 2/29)।

नतीजा: बराक लीजेंड्स ने छह विकेट से जीत दर्ज की।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश