आईएसएसएफ विश्व कप राइफल-पिस्टल-शॉटगन के लिए भारतीय दल तैयार

 


नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। चीन के हांगझोऊ में 20 से 29 जुलाई तक होने वाले आईएसएसएफ विश्व कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन 2026 के लिए भारतीय खिलाड़ी तैयार हैं। विश्व कप में भारत की ओर से व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धाओं में अनुभवी और युवा निशानेबाजों का मजबूत दल हिस्सा ले रहा है। टूर्नामेंट के पदक मुकाबले 22 जुलाई से 28 जुलाई तक खेले जाएंगे।

भारतीय दल में ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के अलावा ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, ईशा सिंह, सुरुचि, सिफ्त कौर समरा, सोनम उत्तम मस्कर, अनीश भनवाला जैसे प्रमुख निशानेबाज शामिल हैं। राइफल स्पर्धाओं में पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों, शाहू तुषार माने और रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि इलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और साक्षी सुनील पाडेकर महिलाओं की स्पर्धा में भाग लेंगी।

50 मीटर राइफल 3 पोजिशंस में पुरुषों की प्रतियोगिता में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्राक्ष हिस्सा लेंगे। महिलाओं की स्पर्धा में आशी चौकसे, विदरसा के. विनोद और सिफ्त कौर समरा शामिल हैं।

महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत की पिस्टल चुनौती का नेतृत्व सुरुचि, सन्याम और ईशा सिंह करेंगी, जबकि पुरुषों की स्पर्धा में केदारलिंग बी. उचागनवे, कमलजीत और आकाश भारद्वाज प्रतिस्पर्धा करेंगे। मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सरनोबत को महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल के लिए चुना गया है, जबकि अनीश, ओंकार सिंह और भावेश शेखावत पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

शॉटगन स्पर्धाओं में उदवीर सिंह जाजी, भौनीश मेंदिरत्ता और विवान कपूर पुरुषों के ट्रैप इवेंट में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जबकि प्रगति दुबे, कीर्ति गुप्ता और राजेश्वरी कुमारी महिलाओं की ट्रैप टीम का हिस्सा होंगी।

पुरुषों की स्कीट टीम में गुरजोत सिंह खंगुरा, परमपाल सिंह गुरोन और अभय सिंह सेखों शामिल हैं, जबकि गनेमत सेखों, दर्शना राठौड़ और यशस्वी राठौड़ महिलाओं की स्कीट प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

भारत 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम, 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम और ट्रैप मिक्स्ड टीम इवेंट्स में भी अपनी टीमें उतारेगा।

भारत के पदक मुकाबलों का कार्यक्रम

22 जुलाई10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम फाइनल पुरुष 10 मीटर एयर राइफल फाइनल

23 जुलाईमहिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस फाइनल महिला स्कीट फाइनल पुरुष स्कीट फाइनल

24 जुलाईमहिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल पुरुष 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल फाइनल

25 जुलाईमहिला 10 मीटर एयर राइफल फाइनल

26 जुलाईपुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस फाइनल पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल

27 जुलाईमहिला 25 मीटर पिस्टल फाइनल महिला ट्रैप फाइनल पुरुष ट्रैप फाइनल

28 जुलाई10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम फाइनल ट्रैप मिश्रित टीम फाइनल ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह