निशानेबाज रुद्र प्रताप सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

 


मुरादाबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के निवासी निशानेबाज रुद्र प्रताप सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना ली।

देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित जसपाल सिंह राणा मेमोरियल कप शूटिंग प्रतियोगिता 13 से 27 जुलाई तक आयोजित हुई। इसमें देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। हॉक आई शूटिंग एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे मुरादाबाद के गौर ग्रेसियस निवासी रुद्र प्रताप सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान बनाई। कम उम्र में इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। रुद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना है। वह आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए कड़ी मेहनत जारी रखेंगे।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल