यूएस ओपन 2026: शेल्टन इतिहास रचने से एक कदम दूर, फाइनल में ज्वेरेव से होगी खिताबी जंग

 


नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। बेन शेल्टन अब यूएस ओपन 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। अमेरिकी टेनिस स्टार शेल्टन का फाइनल में सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा। अगर शेल्टन यह मुकाबला जीतते हैं, तो वह 23 साल बाद यूएस ओपन पुरुष एकल का खिताब जीतने वाले पहले अमेरिकी खिलाड़ी बन जाएंगे। फाइनल मुकाबले आज देर रात 11:30 बजे से खेला जाएगा।

शेल्टन ने सेमीफाइनल में हमवतन फ्रांसेस टियाफो को हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब पहली ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी उनके बेहद करीब है और शेल्टन इस मौके को लेकर पूरी तरह उत्साहित हैं।

जियोस्टार की ओर से साझा किए गए एक इंटरव्यू में शेल्टन ने फाइनल को लेकर कहा कि मैं पूरी तरह तैयार हूं। मैं कोर्ट पर अपना सब कुछ झोंक दूंगा। जीतूं या हारूं, मुझे अपने प्रदर्शन और अब तक किए गए सफर पर गर्व रहेगा। लेकिन यही मेरा सपना है। मैं इसी के लिए खेल रहा हूं। सपना अब मेरे सामने है और मैं निश्चित रूप से अपनी कोशिश में कोई कमी नहीं छोड़ूंगा।

उन्होंने आगे कहा कि वह तत्काल सफलता के बजाय खुद को लगातार बेहतर बनाने पर विश्वास करते हैं और एक बेहतर टेनिस खिलाड़ी बनने के लिए अभी उन्हें काफी आगे जाना है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि अब लक्ष्य सिर्फ एक मैच दूर है और वह फाइनल में अपना सब कुछ देने के लिए तैयार हैं।

अमेरिकी टेनिस के लिए ऐतिहासिक मौका

शेल्टन की फाइनल तक पहुंचने की उपलब्धि पहले ही अमेरिकी टेनिस के लिए खास बन चुकी है। 2003 में एंडी रॉडिक के यूएस ओपन जीतने के बाद से कोई भी अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी इस ग्रैंड स्लैम का पुरुष एकल खिताब नहीं जीत सका है। इसके अलावा शेल्टन यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले आर्थर ऐश के बाद पहले अश्वेत अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी भी बन गए हैं।

अपनी उपलब्धि के महत्व पर बात करते हुए शेल्टन ने अपने परिवार और उन सभी लोगों को श्रेय दिया, जिन्होंने उनके करियर में उनका साथ दिया।

उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए सब कुछ है। बहुत से लोगों ने मेरे लिए बहुत कुछ त्याग किया है, ताकि मैं आज इस स्थिति में पहुंच सकूं। जब मैं इस बारे में सोचता हूं तो मेरे मन में हमेशा उन लोगों के लिए आभार रहता है, जिन्होंने मेरा साथ दिया और मेरे पीछे खड़े रहे। शेल्टन ने कहा कि इतिहास का हिस्सा बनना शानदार है, लेकिन उनका काम अभी पूरा नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह