शांभवी ने एशिया बैडमिंटन जूनियर ट्रायल के लिए किया क्वालीफाई
पौड़ी गढ़वाल, 10 मई (हि.स.)। जिले की होनहार बैडमिंटन खिलाड़ी शांभवी रौथाण ने बेंगलुरु में ऑल इंडिया रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट के अंडर-19 मिक्स डबल्स वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर एशिया बैडमिंटन ट्रायल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। शांभवी ने अंडर-19 मिक्स डबल्स वर्ग में कांस्य पदक जीता है।
बैंगलोर (कर्नाटक) में ऑल इंडिया जूनियर (अंडर-19) रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 3 से 10 मई 2026 तक आयोजित किया गया। शांभवी रौथाण व उनके साथी खिलाड़ी ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बैंगलोर के मजबूत खिलाड़ी प्रियंका वाल्दिया और बाल प्रणय प्रगडा को बेहद रोमांचक मुकाबले में 14-21 ,21-14, 23 -21 से हराया । तीन सेट तक चले इस मुकाबले में शांभवी रौथान ने शानदार धैर्य आत्मविश्वास और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों व खेल प्रेमियों को उत्साहित किया । निर्णायक सेट में कड़े संघर्ष के बाद मिली जीत से कांस्य पदक जीत कर एशिया बैडमिंटन ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया है। अब शांभवी रौथाण इंडियन टीम की अंडर-19 मिक्स डबल्स एशिया ट्रायल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। शांभवी की इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश के साथ ही पौड़ी गढ़वाल में खुशी व गर्व का माहौल है। शांभवी को उनके परिजनों, कोच व खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह