मुरादाबाद के वेदांग यादव जूनियर नेशनल रोलबॉल चैंपियनशिप के लिए चयनित
मुरादाबाद, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद के होनहार रोलबॉल खिलाड़ी वेदांग यादव का चयन उत्तर प्रदेश रोलबॉल टीम में 19वीं जूनियर नेशनल रोलबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। यह चैंपियनशिप 17 से 20 अक्टूबर तक कोयंबटूर, तमिलनाडु में आयोजित की जाएगी।
मुरादाबाद जिला रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन की सचिव रिम्पी सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोल बॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा जारी चयन पत्र के अनुसार चयनित खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय कंडीशनिंग कैंप 89 अक्टूबर 2026 से आगरा में आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद उत्तर प्रदेश टीम 14 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 12648 KONGU SF Express से सुबह 9:15 बजे आगरा से कोयंबटूर के लिए रवाना होगी। टीम की वापसी 21 अक्टूबर की रात को निर्धारित है।
वेदांग यादव के चयन से मुरादाबाद के रोलबॉल खिलाड़ियों एवं खेल जगत में खुशी का माहौल है। जिला रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मुरादाबाद ने वेदांग के चयन पर उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
मुरादाबाद जिला रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनु मिश्रा, सचिव रिम्पी सिंह, कोषाध्यक्ष लियाकत अली, वरिष्ठ उपाध्यक्ष परमेश चरण, संयुक्त सचिव गौरव सिंह, तुषार, तरुण, गोविंद और मनोज कुमार सहित एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वेदांग यादव को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि वेदांग का राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना मुरादाबाद के लिए गौरव की बात है और उन्हें विश्वास है कि वह अपने शानदार खेल प्रदर्शन से जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल