एसबीआई लाइफ की ‘अनोखे हीरे’ फिल्म में दिखा भारतीय पैरा खिलाड़ियों का जज्बा
मुंबई, 27 अक्टूबर (हि.स.)। एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने भारतीय पैरा खिलाड़ियों के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कभी हार न मानने वाले जज्बे को समर्पित अपनी नई फिल्म ‘अनोखे हीरे’ पेश की है। फिल्म का उद्देश्य उन मानवीय मूल्यों को रेखांकित करना है, जो लोगों को चुनौतियों का सामना करने, अपने सपनों को साकार करने और अपनों से किए वादों को निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
फिल्म की कहानी अक्ष नाम के एक छोटे बच्चे की जिज्ञासा से शुरू होती है, जो अपने आसपास की चीजों में असाधारण चमक वाले हीरे तलाशता है। उसकी यह खोज उसे एक पैरा खेल प्रशिक्षण केंद्र तक ले जाती है। वहां खिलाड़ियों के अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति को देखकर उसे एहसास होता है कि असली हीरे वे लोग हैं, जिनकी चमक उनके व्यक्तित्व और इरादों में दिखाई देती है।
फिल्म का संदेश है कि असली चमक बाहरी रूप में नहीं, बल्कि नेक इरादों, आत्मविश्वास और सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करते रहने में होती है। यह भी दिखाया गया है कि जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा अक्सर खुद से किए गए वादों और अपनों के प्रति जिम्मेदारियों से मिलती है।
फिल्म के लॉन्च पर एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं ब्रांड, कॉरपोरेट कम्युनिकेशन और सीएसआर प्रमुख रवींद्र शर्मा ने कहा कि हर आकांक्षा के साथ एक वादा जुड़ा होता है। यह वादा खुद से भी हो सकता है और उन लोगों से भी, जो हमारी जिंदगी में सबसे अधिक मायने रखते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय पैरा खिलाड़ियों का सफर दिखाता है कि दृढ़ संकल्प और खुद पर अटूट विश्वास के सहारे लोग अपनी सीमाओं से आगे बढ़कर अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश कर सकते हैं। ये खिलाड़ी अपने कार्यों से संकल्प की ताकत और वादों के महत्व को सामने लाते हैं।
शर्मा के मुताबिक, पैरा खेलों से कंपनी का जुड़ाव मानवीय क्षमताओं और लोगों की महत्वपूर्ण आकांक्षाओं को पूरा करने में सहयोग देने के साझा विश्वास पर आधारित है। फिल्म के माध्यम से कंपनी अपने ब्रांड दर्शन ‘अपने लिए, अपनों के लिए’ को भी सामने लाना चाहती है। इसका संदेश है कि हर सपने को पूरा करने का प्रयास होना चाहिए और अपनों से किए गए वादों का महत्व समझना चाहिए।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय