सौरव की नाबाद अर्धशतकीय पारी से बरपेटा ब्रेव्स फाइनल में
गुवाहाटी, 21 अगस्त (हि.स.)। सौरव मौसुम दिहिंगिया की नाबाद 63 रनों की शानदार पारी की बदौलत बरपेटा ब्रेव्स ने शुक्रवार को रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में डिब्रूगढ़ वॉरियर्स को पांच विकेट से हराकर इम्पीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग के फाइनल में जगह बना ली।
135 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बरपेटा ब्रेव्स ने 19.1 ओवर में पांच विकेट पर 137 रन बनाकर जीत हासिल की। सौरव ने 53 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 63 रन बनाए। उनका साथ अभिलाष मौर्य ने दिया, जिन्होंने 29 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 74 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
इससे पहले डिब्रूगढ़ वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 134 रन बनाए। आयुष अग्रवाल 29 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 45 रन बनाकर नाबाद रहे। दिविज पाठक ने 27 और नासिर उल्लाह ने 26 रन बनाए।
बरपेटा की ओर से प्रांजल पॉल ने दो विकेट चटकाए। डिब्रूगढ़ के लिए सिद्धार्थ शंकर बरुवा और दौखो दास ने दो-दो विकेट लिए।
बरपेटा ब्रेव्स अब रविवार, 23 अगस्त को शाम सात बजे होने वाले फाइनल में खेलेगी।
संक्षिप्त स्कोर:
डिब्रूगढ़ वॉरियर्स: 134/7, 20 ओवर (आयुष अग्रवाल 45*, दिविज पाठक 27, नासिर उल्लाह 26; प्रांजल पॉल 2/27)।
बरपेटा ब्रेव्स: 137/5, 19.1 ओवर (सौरव मौसुम दिहिंगिया 63*, अभिलाष मौर्य 37; सिद्धार्थ शंकर बरुवा 2/27, दौखो दास 2/33)।------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश