सारण क्रिकेट लीग में सहवाग क्रिकेट क्लब ने 85 रनों से दहियावां क्रिकेट क्लब को हराया
सारण, 28 नवंबर (हि.स.)। राजेन्द्र स्टेडियम में शनिवार को खेले गए सारण जिला सीनियर क्रिकेट लीग के नौवें मुकाबले में सहवाग क्रिकेट क्लब ने दहियावां क्रिकेट क्लब रेड को 85 रनों से हरा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सहवाग क्रिकेट क्लब की टीम 30.4 ओवर में 219 रन बनाकर सिमट गई।
टीम के लिए साकिब इकबाल ने सर्वाधिक 61 रनों की पारी खेली। उनके अलावा विश्वजीत ने 39, रोहित ने 36, कृष्णा ने 19 और विक्रम ने 13 रन जोड़े। दहियावां क्रिकेट क्लब रेड की ओर से अंशु ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि कार्तिक को 3 सफलताएं मिलीं। शाहिद, रियाज और कैफ ने 1-1 विकेट लिया।
220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दहियावां क्रिकेट क्लब रेड की टीम 23.2 ओवर में 134 रनों पर ढेर हो गई। सत्यम ने 52 और दीपू ने 36 रनों का संघर्षपूर्ण योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। सहवाग क्रिकेट क्लब के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोहित ने 3 विकेट झटके, वहीं शाकिब, तौकीर और नीतीश ने 2-2 विकेट हासिल किए।
रविवार को राजेन्द्र स्टेडियम में सुबह 9 बजे से एलाइट क्रिकेट क्लब और सम्राट क्रिकेट क्लब के बीच मैच खेला जाएगा। इस मौके पर सारण जिला क्रिकेट संघ की अध्यक्ष इंदु कुमारी उर्फ अनु सिंह, उपाध्यक्ष उज्ज्वल मिश्रा, संयुक्त सचिव धर्मजय कुमार, आयोजन अध्यक्ष मनन राय, कैशियर अनवर व पूर्व संयुक्त सचिव चंदन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार