पीतलनगरी अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट : आरएसडी व नेक्स्ट जनरेशन ने दर्ज की जीत
मुरादाबाद, 20 मई (हि.स.)। पीतल नगरी अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में आरएसडी क्रिकेट एकेडमी और नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। पहले मैच में आरएसडी ने रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी को 13 रन से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में नेक्स्ट जनरेशन ने डीपीजीएस क्रिकेट एकेडमी को सात विकेट से पराजित कर दिया। प्रियांशु यादव और कृष्णा यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आरपीए क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले मुकाबले में रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। आरएसडी क्रिकेट एकेडमी ने निर्धारित 30 ओवर में नौ विकेट पर 253 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से शम्स खान ने 64 गेंद पर 84 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि प्रियांशु यादव ने 62 गेंद में 83 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी की टीम निर्धारित ओवर में आठ विकेट पर 240 रन ही बना सकी। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रियांशु यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं दूसरे मुकाबले में डीपीजीएस क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में आठ विकेट पर 174 रन बनाए। अजहरउद्दीन ने नाबाद 57 रन की पारी खेली। नेक्स्ट जनरेशन की ओर से अजहान खान, मो. समर और सौरभ ने दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी ने 27.3 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए कृष्णा यादव को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल