रोहित और संजय के अर्धशतकों से गुवाहाटी रॉयल्स की आठ विकेट से शानदार जीत
गुवाहाटी, 08 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी रॉयल्स ने शनिवार को असम क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) स्टेडियम में असम प्रीमियर लीग 2026 के 15वें मुकाबले में तेजपुर टाइटंस को आठ विकेट से हराकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। 147 रन के लक्ष्य को गुवाहाटी रॉयल्स ने 12.5 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित सेन और संजय कुमार सिंह ने रॉयल्स को तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले 10 ओवर में 108 रन की साझेदारी की। रोहित ने महज 30 गेंदों में 65 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल थे। उन्होंने 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर टूर्नामेंट का अब तक का सबसे तेज अर्धशतक लगाया।
संजय कुमार सिंह ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 65 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान ऋषव दास ने सात गेंदों में नाबाद 15 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी तेजपुर टाइटंस की शुरुआत खराब रही। मोहम्मद कैफ और रोशन टोपनो पावरप्ले के दौरान आउट हो गए। इसके बाद वसीम अकरम हक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 82 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और सात छक्के शामिल थे। उन्होंने निहार डेका के साथ तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी कर टीम की पारी को संभाला।
वसीम के आउट होने के बाद टाइटंस की पारी लड़खड़ा गई। मृण्मय दत्ता ने तीन गेंदों के भीतर दानिश अहमद और कप्तान आयुष्मान मलाकर को आउट किया। निपान डेका और दीपक गोहाईं ने भी एक-एक विकेट हासिल किया। टाइटंस ने अंतिम पांच विकेट महज 12 रन के भीतर गंवा दिए और 20 ओवर में 146 रन पर आठ विकेट तक ही पहुंच सकी।
संक्षिप्त स्कोर:
तेजपुर टाइटंस: 146/8 (20 ओवर) — वसीम अकरम हक 82, निहार डेका 20; मृण्मय दत्ता 3/27।
गुवाहाटी रॉयल्स: 147/2 (12.5 ओवर) — रोहित सेन 65, संजय कुमार सिंह 65, ऋषव दास नाबाद 15; दानिश अहमद 1/23, अबीर चक्रवर्ती 1/16।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश