एमपीएल टी20 : ऋतिक तड़ा की तूफानी पारी से जबलपुर रॉयल लायंस की यादगार जीत

 




इंदौर, 11 जून (हि.स.)। आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 स्किंडिया कप 2026 में गुरुवार को क्रिकेट प्रेमियों को दो शानदार मुकाबले देखने को मिले। एक ओर ऋतिक तड़ा की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर जबलपुर रॉयल लायंस ने 211 रन के विशाल लक्ष्य का सफल पीछा किया, वहीं दूसरी ओर रॉयल निमाड़ ईगल्स ने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए मालवा स्टैलियंस को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी।

होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उज्जैन फाल्कंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 210 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। शुरुआती झटकों के बावजूद सोहम पटवर्धन और आर्यन पांडे ने पारी को संभाला, जबकि मध्यक्रम में माधव तिवारी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 92 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर रॉयल लायंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन इसके बाद आक्रामक बल्लेबाजी का ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने मैच का रुख ही बदल दिया। आकाश सिंह ने तेजतर्रार रन बनाकर टीम को गति दी, जबकि ऋतिक तड़ा ने मात्र 32 गेंदों में नाबाद 91 रन की विस्फोटक पारी खेली। कप्तान राहुल बाथम ने भी उनका शानदार साथ निभाया और दोनों बल्लेबाजों की अविजित साझेदारी ने टीम को 18.4 ओवर में ही जीत दिला दी।

दिन के दूसरे मुकाबले में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। पहले गेंदबाजी करते हुए ईगल्स ने मालवा स्टैलियंस को शुरुआती झटके देकर दबाव में ला दिया। तेज गेंदबाज परुष मंडल ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और विरोधी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह बिखेर दिया। कप्तान आशुतोष शर्मा और पार्थ साहनी ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और 113 रन पर सिमट गई।

जवाब में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने आक्रामक अंदाज में लक्ष्य का पीछा किया। शुरुआती विकेट गिरने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज हिमांशु मंत्री ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 61 रन बनाए और मैच को पूरी तरह अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। इसके बाद कनीष्क दुबे और आनंद बैस ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को आसानी से जीत दिला दी।

इस जीत के साथ जबलपुर रॉयल लायंस और रॉयल निमाड़ ईगल्स ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की, जबकि ऋतिक तड़ा और परुष मंडल अपने शानदार प्रदर्शन के कारण दिन के सबसे बड़े आकर्षण रहे। ऋतिक की विस्फोटक बल्लेबाजी और परुष की घातक गेंदबाजी ने टूर्नामेंट में रोमांच को और बढ़ा दिया है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय